today-madhya-pradesh-news-diwali-chhath-special-trains-2026
भोपाल, रानी कमलापति, इटारसी, बीना समेत कई स्टेशनों से मिलेगी सुविधा; त्योहारों में बढ़ती भीड़ और वेटिंग से यात्रियों को राहत

भोपाल। दिवाली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने मध्यप्रदेश से 10 राज्यों और दिल्ली तक स्पेशल ट्रेनें चलाने की तैयारी की है। इन ट्रेनों से प्रदेश के करीब 30 स्टेशन जुड़ेंगे। इससे नियमित ट्रेनों में बढ़ने वाली वेटिंग और भीड़ के बीच यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेन विकल्प मिलेगा।
इन स्पेशल ट्रेनों से मध्यप्रदेश की कनेक्टिविटी राजस्थान, उत्तरप्रदेश, बिहार, झारखंड, महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्रप्रदेश, तमिलनाडु, हरियाणा और दिल्ली तक होगी।
अजमेर-रांची पूजा स्पेशल
09619/09620 अजमेर-रांची-अजमेर साप्ताहिक पूजा स्पेशल दोनों दिशाओं में 9-9 फेरे लगाएगी। मध्यप्रदेश में रुठियाई, गुना, सागर, दमोह, कटनी, ब्यौहारी और सिंगरौली के यात्रियों को इसका लाभ मिलेगा।
जोधपुर-चेन्नई बीच स्पेशल
04815/04816 जोधपुर-चेन्नई बीच पूजा स्पेशल भी 9-9 फेरे लगाएगी। यह ट्रेन गुना, बीना, भोपाल और इटारसी होते हुए चेन्नई तक जाएगी। राजस्थान से दक्षिण भारत जाने वाले यात्रियों के लिए यह अतिरिक्त विकल्प होगा।
रानी कमलापति-गया पितृपक्ष स्पेशल
पितृपक्ष में गया जाने वाले यात्रियों के लिए 01661/01662 रानी कमलापति-गया स्पेशल तीन-तीन फेरे लगाएगी। ट्रेन रानी कमलापति से चलकर नर्मदापुरम, इटारसी, जबलपुर, कटनी, सतना और प्रयागराज होते हुए गया पहुंचेगी।
पुणे-गोरखपुर और मुंबई-गोरखपुर स्पेशल
01415/01416 पुणे-गोरखपुर स्पेशल खंडवा, इटारसी, भोपाल और बीना होकर चलेगी।
वहीं 01079/01080 मुंबई CSMT-गोरखपुर स्पेशल के सबसे ज्यादा 43 फेरे निर्धारित किए गए हैं। यह ट्रेन भी खंडवा, इटारसी, भोपाल और बीना होकर उत्तरप्रदेश पहुंचेगी।
रीवा और इंदौर के लिए भी स्पेशल ट्रेन
02191/02192 रानी कमलापति-रीवा पूजा स्पेशल दोनों दिशाओं में 4-4 फेरे लगाएगी। यह विदिशा, बीना, सागर, दमोह, कटनी, मैहर और सतना होकर चलेगी।
इसके अलावा 01710/01709 रीवा-डॉ. अंबेडकर नगर पूजा स्पेशल 6-6 फेरे लगाएगी। यह सतना, कटनी, जबलपुर, इटारसी, नर्मदापुरम, रानी कमलापति, सीहोर, देवास और इंदौर को जोड़ेगी।
मुंबई के लिए सुल्तानपुर और वाराणसी से स्पेशल ट्रेन
भोपाल मंडल के यात्रियों के लिए 04212/04211 सुल्तानपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस और 04226/04225 वाराणसी-लोकमान्य तिलक टर्मिनस फेस्टिवल स्पेशल महत्वपूर्ण रहेंगी।
दोनों ट्रेनें बीना, रानी कमलापति और इटारसी होकर मुंबई जाएंगी और दोनों दिशाओं में 4-4 फेरे लगाएंगी।
यात्रियों को मिलेगी अतिरिक्त सुविधा
त्योहारी सीजन में नियमित ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए इन स्पेशल ट्रेनों से यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। खासकर भोपाल, रानी कमलापति, इटारसी, बीना, गुना, सागर, कटनी, जबलपुर और खंडवा जैसे स्टेशनों से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को इसका लाभ मिल सकेगा।
