ऑपरेशन अंकुश के तहत चक्रधरनगर पुलिस और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई; ₹9,600 नकद, 8 बाइक और 6 मोबाइल समेत करीब ₹5 लाख का सामान जब्त

रायगढ़। जुआ-सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत रायगढ़ पुलिस ने संबलपुरी सब स्टेशन के पास कार्रवाई करते हुए 6 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से नकदी, ताश की गड्डी, मोबाइल और 8 दोपहिया वाहन समेत करीब ₹5 लाख की संपत्ति जब्त की है।
जंगल में चल रहा था काटपत्ती जुआ
पुलिस के मुताबिक 20 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि संबलपुरी सब स्टेशन के पास सड़क किनारे जंगल में कुछ लोग ताश से काटपत्ती जुआ खेल रहे हैं। सूचना के बाद नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना चक्रधरनगर और साइबर थाना की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर जुआ रेड की कार्रवाई की।
पुलिस टीम ने मौके से आकाश साव, भानुप्रताप सिंह, राकेश राय, हितेश साहू, योगेश चौधरी और नरेंद्र साव को जुआ खेलते पकड़ा।
₹9,600 नकद समेत 8 बाइक जब्त
पुलिस ने जुआरियों के कब्जे और फड़ से ₹9,600 नकद, 52 पत्ती ताश, एक चटाई, 8 दोपहिया वाहन और 6 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब ₹5 लाख बताई गई है।
जब्त वाहनों में हीरो फैशन प्रो, सुपर स्प्लेंडर, यामाहा FZ-S, एक्टिवा, बजाज पल्सर 150, बजाज पल्सर 160 और स्प्लेंडर प्लस शामिल हैं।
जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना चक्रधरनगर में छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जुआ और सट्टे के खिलाफ ऑपरेशन अंकुश के तहत आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में एएसआई भागीरथी चौधरी, एएसआई नंद कुमार सारथी, प्रधान आरक्षक बृजलाल गुर्जर, रूपराम पटेल तथा आरक्षक अभिषेक द्विवेदी, पुष्पेन्द्र जाटवर, प्रशांत पंडा, महेश पंडा, धर्मेन्द्र सिंह और संतराम केंवट की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
