कोचिंग आते-जाते समय दोस्ती के बाद शुरू हुई चैटिंग; पुलिस ने किशोरी की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की

ग्वालियर। उपनगर ग्वालियर क्षेत्र में 16 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक किशोर ने पहले किशोरी से दोस्ती की, फिर चैटिंग के स्क्रीनशॉट लेकर उसे ब्लैकमेल किया और बाद में जबरन अपने दोस्त के फ्लैट पर ले जाकर दुष्कर्म किया।
कोचिंग जाते समय करता था पीछा
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, आरोपी किशोर किशोरी का कोचिंग आते-जाते समय पीछा करता था। आरोप है कि कई बार रास्ते में रोककर उसने किशोरी से मोबाइल नंबर मांगा। बाद में दोनों के बीच दोस्ती हो गई और चैटिंग शुरू हो गई।
चैटिंग के स्क्रीनशॉट लेकर ब्लैकमेल करने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने चैटिंग के स्क्रीनशॉट लेकर किशोरी को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। 19 सितंबर को आरोपी कथित तौर पर किशोरी को जबरन बाइक पर बैठाकर श्रुति एंक्लेव स्थित अपने दोस्त के फ्लैट पर ले गया।
पुलिस शिकायत के अनुसार, वहां किशोरी के साथ दुष्कर्म किया गया।
घर पहुंचकर स्वजन को बताई घटना
घटना के बाद किशोरी अपने घर पहुंची और रोते हुए स्वजन को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद स्वजन उसे लेकर थाने पहुंचे, जहां शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस ने किशोरी की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में आगे की कार्रवाई पुलिस जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है।
