SSP शशि मोहन सिंह समेत पुलिस अधिकारी निभा रहे किरदार, म्यूल अकाउंट, डिजिटल अरेस्ट और APK फ्रॉड के तरीकों को कहानी के जरिए समझाएगी फिल्म

रायगढ़, 22 सितंबर। छत्तीसगढ़ पुलिस के साइबर जागृति अभियान के तहत रायगढ़ पुलिस आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के लिए एक शॉर्ट फिल्म तैयार कर रही है। 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक चल रहे इस अभियान के तहत फिल्म के माध्यम से साइबर ठगी के नए तरीकों और उनसे बचाव के उपायों को आसान तरीके से लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
म्यूल अकाउंट और डिजिटल अरेस्ट से लेकर APK फ्रॉड तक
रायगढ़ पुलिस की इस जागरूकता फिल्म में साइबर अपराधियों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले म्यूल अकाउंट, डिजिटल अरेस्ट, APK और अन्य ठगी के तरीकों को कहानी के माध्यम से दिखाया जा रहा है। फिल्म का उद्देश्य लोगों को यह समझाना है कि साइबर ठग किस तरह लोगों को झांसे में लेकर उनकी मेहनत की कमाई हड़पने की कोशिश करते हैं।
फिल्म की शूटिंग रायगढ़ के अलग-अलग स्थानों पर की जा रही है।
SSP शशि मोहन सिंह निभा रहे ठग का किरदार
इस शॉर्ट फिल्म में रायगढ़ पुलिस के कई अधिकारी और कर्मचारी अभिनय करते नजर आएंगे। मुख्य किरदारों में SSP शशि मोहन सिंह, अनिल सोनी, मयंक मिश्रा, उत्तम प्रताप सिंह, राकेश मिश्रा, उत्कर्ष श्रीवास्तव, सानिया गुप्ता, लीना ठाकुर, दिपेश महंत और हर्ष बैरागी सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हैं।
SSP शशि मोहन सिंह ने बताया कि वह फिल्म में साइबर फ्रॉड करने वाले ठग की भूमिका निभा रहे हैं।
फिल्म की स्क्रीनिंग प्रतियोगिता के परिणाम कार्यक्रम में होगी
रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह जागरूकता फिल्म लघु फिल्म प्रतियोगिता का हिस्सा नहीं है। हालांकि, इसकी स्क्रीनिंग रायगढ़ पुलिस की लघु फिल्म प्रतियोगिता के परिणामों की घोषणा के दौरान समारोह स्थल पर की जाएगी।
फिल्म की कहानी और निर्देशन ऋभू समर्थ सिंह ने किया है। फिल्म निर्माण में तोरण राजपूत (डायरेक्टर ऑफ फोटोग्राफी), मनमोहन बैरागी (ऑपरेटिंग कैमरामैन), अष्टविनायक HD World रायपुर (इक्विपमेंट), देवानंद यादव (मेकअप), मिथलेश और योगेश (लाइट) का योगदान है।
‘संकल्प : साइबर मुक्त छत्तीसगढ़’ पर लघु फिल्म प्रतियोगिता
रायगढ़ पुलिस द्वारा साइबर जागृति अभियान के तहत अलग से लघु फिल्म प्रतियोगिता भी आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता की थीम “संकल्प : साइबर मुक्त छत्तीसगढ़” रखी गई है।
प्रतिभागी साइबर अपराध से जुड़े विषयों पर दो कैटेगरी में अधिकतम 3 मिनट का वीडियो या 6 मिनट तक की लघु फिल्म तैयार कर सकते हैं। तैयार फिल्म या वीडियो को Google Drive अथवा किसी अन्य विश्वसनीय फाइल होस्टिंग प्लेटफॉर्म पर अपलोड कर उसका लिंक contact@filmotsav.org पर भेजना होगा।
दोनों कैटेगरी में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के लिए कुल 3.75 लाख रुपये तक के पुरस्कार रखे गए हैं।
24 सितंबर तक जमा कर सकते हैं फिल्म
प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागियों के लिए फिल्म या वीडियो जमा करने की अंतिम तिथि 24 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। प्रतियोगिता से संबंधित अधिक जानकारी के लिए 8817420420 पर संपर्क किया जा सकता है।
रायगढ़ पुलिस की इस पहल का उद्देश्य साइबर ठगी के बदलते तरीकों को सरल तरीके से लोगों तक पहुंचाना और उन्हें ऑनलाइन धोखाधड़ी से सतर्क करना है।
