मयंक चतुर्वेदी ने लंबित प्रकरणों के जल्द निराकरण के दिए निर्देश, KCC, फसल बीमा और स्वरोजगार योजनाओं की भी हुई समीक्षा

रायगढ़, 22 सितंबर। जिला कलेक्टोरेट के सभाकक्ष में मंगलवार को जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति एवं जिला स्तरीय पुनरीक्षण समिति की बैठक हुई। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं की विभागवार और बैंकवार समीक्षा करते हुए पात्र लोगों को समय पर योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
लंबित प्रकरणों को जल्द निपटाने के निर्देश
कलेक्टर ने बैंकर्स से कहा कि पात्र हितग्राहियों के अधिक से अधिक प्रकरण स्वीकृत किए जाएं। वहीं विभागीय अधिकारियों को बैंक भेजने से पहले सभी जरूरी दस्तावेजों की जांच करने के निर्देश दिए, ताकि दस्तावेजों की कमी के कारण आवेदन निरस्त न हों।
उद्यानिकी और मत्स्य विभाग से भेजे गए प्रकरणों में अधिक निरस्तीकरण पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों से आवेदन की पहले ही जांच कर कमियों को दूर करने के बाद बैंक भेजने को कहा।
PM सूर्य घर योजना की धीमी प्रगति पर नाराजगी
बैठक में PM सूर्य घर योजना की प्रगति की समीक्षा के दौरान लक्ष्य की तुलना में कम स्वीकृति पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने लंबित और निरस्त प्रकरणों की कारणवार जानकारी लेते हुए योजना की गति बढ़ाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने शिविर लगाकर अधिक से अधिक पात्र लोगों को योजना से जोड़ने और बैंकर्स एवं विभागीय अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाने पर जोर दिया।
KCC और फसल बीमा की भी समीक्षा
कलेक्टर ने किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), फसल बीमा और प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना की भी समीक्षा की। उन्होंने पात्र किसानों के अधिक से अधिक प्रकरण बैंकों को भेजने और लंबित मामलों के निराकरण के लिए बैंकर्स के साथ समन्वय करने को कहा।
इसके अलावा फूड प्रोसेसिंग यूनिट, एग्री इंफ्रास्ट्रक्चर और डेयरी उद्यमिता को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया।
कई योजनाओं की हुई समीक्षा
बैठक में प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्र में ऋण वितरण, महिला एवं कमजोर वर्गों को ऋण, राष्ट्रीय ग्रामीण एवं शहरी आजीविका मिशन, अंत्योदय एवं आदिवासी स्वरोजगार योजना, डेयरी उद्यमिता विकास, प्रधानमंत्री जनधन योजना, सामाजिक सुरक्षा बीमा योजना और स्वयं सहायता समूहों के बैंक लिंकेज की समीक्षा की गई।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, वित्तीय साक्षरता और RSETI प्रशिक्षण की प्रगति पर भी चर्चा हुई।
कलेक्टर ने अधिकारियों और बैंकर्स को आपसी समन्वय से काम करते हुए पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत CEO अभिजीत बबन पठारे, LDM योगेश कश्यप सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी और बैंकर्स मौजूद रहे।
