कोलियरी के स्किल डेवलपमेंट सेंटर में बनाया गया राहत शिविर, भोजन से लेकर स्वास्थ्य सुविधाओं तक की व्यवस्था

धमतरी। प्रदेश में जारी मूसलाधार बारिश के बीच धमतरी जिले में बाढ़ और जलभराव से प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। प्रशासन ने 15 प्रभावित परिवारों के 54 सदस्यों को सुरक्षित निकालकर कोलियरी स्थित स्किल डेवलपमेंट सेंटर में बनाए गए राहत शिविर में ठहराया है।
राहत शिविर में जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था
प्रशासन ने राहत शिविर में प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, चाय-नाश्ता, स्वच्छ पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्था की है। लोगों के विश्राम के लिए भी इंतजाम किए गए हैं।
शिविर में खासतौर पर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की जरूरतों पर ध्यान दिया जा रहा है। प्रशासन का प्रयास है कि प्रभावित परिवारों को सुरक्षित वातावरण के साथ जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
अधिकारी लगातार कर रहे शिविर का निरीक्षण
राहत शिविर की व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और एसडीएम धमतरी लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। अधिकारी प्रभावित परिवारों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।
नदी-नालों से दूर रहने की अपील
जिला प्रशासन ने लोगों से उफनती नदियों-नालों, जलभराव वाले क्षेत्रों और तेज बहाव वाली जगहों से दूरी बनाए रखने की अपील की है। प्रशासन ने कहा है कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल बचाव दल या प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क करें।
