कसडोल, पलारी और सिमगा के चार गांवों में बढ़ा पानी; जिला प्रशासन और आपदा राहत टीम ने संभाला मोर्चा

बलौदाबाजार-भाटापारा। जिले में पिछले दिनों हुई तेज बारिश के बाद नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने से कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। पानी बढ़ने के कारण अलग-अलग गांवों में फंसे 120 लोगों को जिला प्रशासन और आपदा राहत टीम ने रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
चार गांवों से 120 लोगों को निकाला
प्रशासन के अनुसार तहसील कसडोल के बल्दाकछार से 38 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। वहीं पलारी के अमेठी गांव से 44, मोहान से 23 और सिमगा के गणेशपुर से 15 लोगों को रेस्क्यू किया गया।
इस तरह चार गांवों से कुल 120 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है। प्रशासन और आपदा राहत टीम लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए है।
लोगों से नदी-नालों से दूर रहने की अपील
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी-नालों के किनारे जाने से बचें। गांव या मोहल्ले के आसपास पानी भरने की स्थिति बनने पर तत्काल स्थानीय प्रशासन को सूचना दें और सुरक्षित स्थान पर चले जाएं।
बाढ़ सहायता के लिए कंट्रोल रूम नंबर जारी
बाढ़ से संबंधित सहायता, सूचना, बचाव और राहत कार्यों के लिए जिला प्रशासन ने कंट्रोल रूम नंबर 07727-222454 जारी किया है। जरूरत पड़ने पर लोग इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।
