सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण और मातृ स्वास्थ्य पर संवाद, मुंगेली के मदकू पहुंचे CM विष्णु देव साय

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार से शुरू हुई ‘आंगन मिलन सेवा’ के पहले दिन आंगनबाड़ी केंद्रों में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। प्रदेशभर में 2,262 स्थानों पर 12,698 गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें 97,471 लोगों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य परिवार और समुदाय को आंगनबाड़ी केंद्रों से जोड़ना और बच्चों के पोषण को साझा जिम्मेदारी बनाना रहा।
मुंगेली के मदकू पहुंचे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी मुंगेली जिले के मदकू में आयोजित आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां उन्होंने माताओं और बच्चों के पोषण को लेकर जागरूकता का संदेश दिया।
गर्भवती माताओं का स्वागत, दिखाई गई सुपोषित थाली
आंगनबाड़ी केंद्रों में गर्भवती महिलाओं का स्वागत किया गया। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध दाल, हरी सब्जियों और अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थों का प्रदर्शन कर संतुलित भोजन के महत्व की जानकारी दी गई।
‘सुपोषित थाली’ के माध्यम से महिलाओं और परिवारों को बताया गया कि रोजाना के भोजन में विभिन्न खाद्य पदार्थों को शामिल कर माताओं और बच्चों के पोषण को बेहतर बनाया जा सकता है।
अभिभावकों ने भी लिया हिस्सा
कार्यक्रमों में बच्चों के अभिभावकों और स्थानीय समुदाय की भी भागीदारी रही। लोगों ने मातृ स्वास्थ्य और बच्चों के पोषण से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। इस पहल के जरिए आंगनबाड़ी केंद्रों को केवल सरकारी सेवाओं का केंद्र नहीं, बल्कि समुदाय की सक्रिय भागीदारी का मंच बनाने पर जोर दिया गया।
योजनाओं की लाभार्थियों ने साझा किए अनुभव
महतारी वंदन योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की लाभार्थी महिलाओं ने बताया कि योजनाओं से मिलने वाली सहायता से वे अपनी और परिवार की जरूरतों को पूरा करने में मदद पा रही हैं।
‘आंगन मिलन सेवा’ के माध्यम से परिवारों को पोषण, मातृ स्वास्थ्य और बाल विकास से जोड़ने के साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में जनभागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
