वर्षों पुरानी नाम बदलने की मांग पूरी, ग्रामीणों ने मिठाई खिलाकर मनाई खुशी; दस्तावेजों में नाम बदलने के लिए लगेगा विशेष शिविर

कबीरधाम। जिले के ग्राम चंडालपुर का नाम अब आधिकारिक रूप से बदलकर चंदनपुर कर दिया गया है। लंबे समय से नाम परिवर्तन की मांग कर रहे ग्रामीणों के बीच उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा शुक्रवार देर रात तेज बारिश के बीच राजपत्र की प्रति लेकर पहुंचे और ग्रामीणों को नई पहचान की बधाई दी।
बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीण स्वागत के लिए पहुंचे। नाम परिवर्तन की खुशी में ग्रामीणों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और उप मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया।
राजपत्र में हुआ नाम परिवर्तन
छत्तीसगढ़ शासन ने ग्राम चंदनपुर के नाम परिवर्तन का राजपत्र में विधिवत प्रकाशन कर दिया है। इसके बाद नया नाम सरकारी अभिलेखों और संबंधित शासकीय वेब पोर्टलों में दर्ज किया जाएगा। ग्रामीणों से दैनिक व्यवहार और बोलचाल में भी अब ‘चंदनपुर’ नाम का उपयोग करने की अपील की गई है।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्रामीण लंबे समय से नाम परिवर्तन की मांग कर रहे थे। स्थानीय भावनाओं को ध्यान में रखते हुए प्रस्ताव शासन को भेजा गया। इसके बाद मंत्रिमंडल स्तर पर चर्चा, राज्यपाल की स्वीकृति और राजपत्र प्रकाशन की प्रक्रिया पूरी हुई।
विकास कार्यों के लिए 11.70 लाख की घोषणा
नाम परिवर्तन की खुशी के बीच उप मुख्यमंत्री ने गांव में सीसी रोड और सामुदायिक भवन के लिए कुल 11.70 लाख रुपये देने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के आधार कार्ड समेत अन्य दस्तावेजों में गांव का नाम बदलने के लिए विशेष शिविर लगाया जाएगा। इससे ग्रामीणों को अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
स्थानीय पहचान से जुड़ा नाम
विजय शर्मा ने कहा कि गांवों के नाम केवल स्थान की पहचान नहीं होते, बल्कि उनसे इतिहास, संस्कृति, परंपरा और जनभावनाएं भी जुड़ी होती हैं। चंदनपुर नाम से गांव को नई पहचान मिलना ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग के सम्मान का प्रतीक है।
