Highlight Lines
🔴 लैलूंगा के छापरपानी में महिला और 10 माह की बच्ची की हत्या का खुलासा
🔴 दुष्कर्म के प्रयास के विरोध में आरोपी ने मां-बेटी की कर दी हत्या
🔴 वैज्ञानिक और मनोवैज्ञानिक जांच से 65 वर्षीय आरोपी तक पहुंची पुलिस
🔴 हत्या और दुष्कर्म के मामले में आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
रायगढ़। लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम छापरपानी में 35 वर्षीय महिला और उसकी 10 माह की मासूम पुत्री की निर्मम हत्या के बहुचर्चित अंधे कत्ल की गुत्थी को रायगढ़ पुलिस ने सुलझाते हुए 65 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस ने वैज्ञानिक एवं मनोवैज्ञानिक तरीके से जांच करते हुए इस संवेदनशील मामले का खुलासा किया।

16 जुलाई को मिला था मां-बेटी का शव
पुलिस के अनुसार 16 जुलाई 2026 को महिला की रिश्तेदार ने थाना लैलूंगा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मृतका अपने पति की मृत्यु के बाद मानसिक रूप से अस्वस्थ रहती थी और अपनी 10 माह की पुत्री के साथ गांव के प्रहलाद बेहरा के खेत स्थित बोर मकान में रह रही थी। सुबह महिला गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली, जबकि उसकी मासूम पुत्री की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। उपचार के दौरान महिला ने भी दम तोड़ दिया।
वैज्ञानिक जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी धरमजयगढ़, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। प्रत्यक्षदर्शी नहीं होने और महिला का किसी से विवाद नहीं होने के कारण जांच चुनौतीपूर्ण थी। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव ने गांव में लगातार कैंप लगाकर जांच की। मुखबिरों से मिली सूचना और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर ग्राम कोड़ासिया निवासी भिखारीराम नागवंशी (65 वर्ष) पर संदेह हुआ। पूछताछ के दौरान पहले आरोपी ने घटना से इनकार किया, लेकिन वैज्ञानिक एवं मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ करने पर उसने अपराध स्वीकार कर लिया।
दुष्कर्म के प्रयास का विरोध करने पर की हत्या
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 15 जुलाई की रात वह महिला के बोर मकान पहुंचा और उसके साथ जबरन दुष्कर्म करने का प्रयास किया। महिला द्वारा विरोध करने पर उसने ईंट से उसके सिर और चेहरे पर कई वार किए। महिला के बेहोश होने के बाद आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसी दौरान रो रही 10 माह की बच्ची की पहचान छिपाने के लिए उसका गला दबाकर और ईंट से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी खून से सनी धोती छिपाकर फरार हो गया।
आरोपी की निशानदेही पर बरामद हुई धोती
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना के समय पहनी गई खून से सनी धोती बरामद कर ली है। आरोपी के खिलाफ हत्या और दुष्कर्म की धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 64 और 66 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
