रायगढ़, 26 जून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत रायगढ़ पुलिस ने अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। थाना पूंजीपथरा और साइबर पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम पूंजीपथरा में दबिश देकर 2.85 टन संदिग्ध कबाड़ से भरे एक पिकअप वाहन को जब्त किया है।

Highlight
🔴ऑपरेशन प्रहार के तहत रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई
🔴2.85 टन संदिग्ध कबाड़ और पिकअप वाहन जब्त
🔴₹6.85 लाख की संपत्ति पुलिस ने की जब्त
🔴वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका कबाड़ कारोबारी
🔴अवैध कबाड़ कारोबार पर रायगढ़ पुलिस का सख्त अभियान जारी
पुलिस को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में अवैध रूप से कबाड़ की खरीदी-बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मौके से बलवंत सारथी (40 वर्ष), निवासी ग्राम हाटी, थाना छाल को कबाड़ खरीदते हुए पकड़ा।

पूछताछ के दौरान आरोपी वाहन में लोड कबाड़ से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच में लगभग 2.85 टन कबाड़ जिसकी कीमत 85 हजार 500 रुपये और करीब 6 लाख रुपये मूल्य का पिकअप वाहन जब्त किया गया। कुल जब्त संपत्ति की कीमत 6 लाख 85 हजार 500 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है। रायगढ़ पुलिस का कहना है कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत अवैध कबाड़ कारोबार, चोरी की संपत्ति की खरीद-फरोख्त और संगठित अपराधों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
