परसुली गांव के पास बाइक को सामने से टक्कर मारने के बाद कार छोड़कर चालक और साथी फरार, देवरी पुलिस ने शुरू की तलाश

बालोद। डौंडीलोहारा-राजनांदगांव मुख्य मार्ग पर रविवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि उनका पिता गंभीर रूप से घायल है। देवरी थाना क्षेत्र के परसुली गांव के पास तेज रफ्तार कार और बाइक के बीच आमने-सामने टक्कर हुई। हादसे के बाद कार चालक और उसका साथी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
परसुली गांव के पास हुई टक्कर
परसुली निवासी पवन सोनकर रविवार रात अपने 3 वर्षीय बेटे हिमांशु सोनकर और 12 वर्षीय भतीजे नमन कुमार सोनकर के साथ बाइक क्रमांक CG 24 S 1107 से जा रहे थे।
इसी दौरान डौंडीलोहारा की ओर से देवरी की तरफ आ रही कार क्रमांक CG 08 AT 360 ने कथित तौर पर रॉन्ग साइड में आकर बाइक को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर दूर जा गिरे।
इलाज के दौरान दो बच्चों की मौत
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस तथा एंबुलेंस को सूचना दी। डायल-112 और एंबुलेंस की टीम ने तीनों घायलों को देवरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर तीनों को राजनांदगांव रेफर किया गया। वहां उपचार के दौरान 3 वर्षीय हिमांशु सोनकर और 12 वर्षीय नमन कुमार सोनकर की मौत हो गई। वहीं पवन सोनकर का उपचार जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई गई है।
गांव में पसरा मातम
दो बच्चों की मौत की खबर मिलते ही परसुली गांव में शोक की लहर दौड़ गई। हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
इधर हादसे के बाद कार चालक और उसके साथ मौजूद व्यक्ति कार को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गए। देवरी पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है।
कार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस कार के नंबर के आधार पर चालक और उसके साथी की तलाश कर रही है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है। रॉन्ग साइड में वाहन आने, तेज रफ्तार और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
