सारंगढ़-बिलाईगढ़। देशभर में 1 जुलाई से विकसित भारत रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन ग्रामीण (VB-GRAM-G) लागू हो गया है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए गुरुवार को राज्य स्तरीय जन सम्मेलन आयोजित किया गया। केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ग्रामीण रोजगार, आजीविका संवर्धन और आत्मनिर्भर गांवों के निर्माण पर जोर दिया।

🔴 Highlight Lines
🔴 देशभर में लागू हुआ वीबी जीराम जी मिशन
🔴 मनरेगा के उन्नत स्वरूप के रूप में शुरू हुई नई योजना
🔴 ग्रामीण रोजगार, कौशल विकास और आजीविका पर रहेगा फोकस
🔴 सारंगढ़-बिलाईगढ़ में अधिकारियों ने लिया प्रभावी क्रियान्वयन का संकल्प
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में जिला पंचायत सभाकक्ष में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा गया। इस दौरान अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने नई योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर चर्चा की और इसे गांव-गांव तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में बताया गया कि वीबी जीराम जी मिशन को मनरेगा (महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना) के उन्नत स्वरूप के रूप में लागू किया गया है। नई व्यवस्था में रोजगार गारंटी कार्यों के साथ ग्रामीण आजीविका, कौशल विकास, डिजिटल प्रबंधन और ग्राम पंचायतों की सशक्त भागीदारी जैसी नई गतिविधियों को भी शामिल किया गया है।
योजना का उद्देश्य केवल रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाना, आत्मनिर्भर गांवों का निर्माण करना और विकसित भारत के लक्ष्य को जमीनी स्तर पर साकार करना है।
