जरवाय सेवा सहकारी समिति में प्रबंधक की सील का कथित दुरुपयोग कर चेक जारी किए गए, निर्धारित सीमा से अधिक खाद वितरण के लिए भी कूटरचित चेक बनाने का आरोप

दुर्ग। जिले की सेवा सहकारी समिति मर्यादित जरवाय में कंप्यूटर ऑपरेटर द्वारा समिति प्रबंधक की जानकारी और अनुमति के बिना उनकी सील का इस्तेमाल कर 42 किसानों के नाम पर फर्जी किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) चेक जारी करने का मामला सामने आया है। इसके अलावा एक अन्य किसान को निर्धारित सीमा से अधिक खाद वितरण के लिए भी कथित रूप से कूटरचित चेक जारी किया गया। मामले में रानीतराई पुलिस ने कंप्यूटर ऑपरेटर पुरानिक साहू के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना और आपराधिक विश्वासघात से संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
समिति प्रबंधक की सील का इस्तेमाल कर जारी किए 42 चेक
पुलिस के अनुसार, ग्राम बोरेंदा निवासी महेंद्र चक्रधारी (31) ने 18 नवंबर को वरिष्ठ सहकारी निरीक्षक खगेश देशमुख और सहकारिता विस्तार अधिकारी भूपेंद्र चंद्रवंशी के साथ रानीतराई थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत में बताया गया कि पुरानिक साहू सेवा सहकारी समिति मर्यादित जरवाय में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। आरोप है कि 24 अप्रैल 2026 को उसने समिति प्रबंधक टिकेश्वर यादव की जानकारी और अनुमति के बिना कार्यालय की दराज में रखी उनकी सील का इस्तेमाल किया। इसके बाद सील के ऊपर अपने हस्ताक्षर कर 42 किसानों के नाम पर KCC के चेक जारी कर दिए।
इसी तरह 25 जून 2026 को जरवाय निवासी किसान शत्रुहन लाल को भी निर्धारित सीमा से अधिक खाद वितरण के लिए नियम विरुद्ध चेक जारी करने का आरोप है।
कारण बताओ नोटिस के जवाब में गलती स्वीकारने का दावा
मामले की जानकारी मिलने के बाद तत्कालीन समिति प्रबंधक टिकेश्वर यादव ने प्राधिकृत अधिकारी अमित श्रीवास्तव को लिखित सूचना दी थी। ग्रामीणों ने भी संबंधित अधिकारियों के समक्ष कंप्यूटर ऑपरेटर के खिलाफ शिकायत की थी।
विभागीय जांच के दौरान पुरानिक साहू को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। शिकायत के मुताबिक, नोटिस के जवाब में उसने 42 किसानों के KCC चेकों पर अपने हस्ताक्षर करने और किसान शत्रुहन लाल को निर्धारित सीमा से अधिक खाद के लिए चेक जारी करने की बात स्वीकार की थी।
इसके बाद सहकारिता विभाग के अधिकारियों के निर्देश पर बोर्ड की बैठक आयोजित की गई और पुरानिक साहू को उसकी मूल समिति केसरा वापस भेज दिया गया।
रानीतराई पुलिस ने दर्ज किया अपराध, दस्तावेजों की जांच जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त सहकारिता सतीश पाटले ने 17 नवंबर को पुलिस में एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए थे। इसके बाद महेंद्र चक्रधारी की शिकायत पर रानीतराई पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316, 318, 336(3) और 338 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े दस्तावेजों, जारी किए गए चेकों और अन्य रिकॉर्ड की जांच कर रही है। जांच के बाद ही पूरे मामले में नुकसान और अन्य जिम्मेदार लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
खबरें और भी
रायगढ़ में पति ने पत्नी की बेरहमी से की हत्या, बांस के डंडे से पीटने के बाद पैर से दबाया गला
- रायगढ़ में शादी का झांसा देकर युवती से शारीरिक शोषण, बाद में मुकरा और दी जान से मारने की धमकी; आरोपी गिरफ्तार

- बालोद के किसानों को बड़ी राहत, ‘जीरो रकबा’ की समस्या दूर करने विशेष अभियान; अब तक 3,140 किसानों के रकबे में हुआ सुधार

- राजनांदगांव में घर की छत ढहने से मलबे में दबकर मजदूर की मौत, 2 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन

- बिलासपुर-अंबिकापुर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, ट्रेलर में घुसी ईको कार; एक युवती की मौत और 10 घायल

- छत्तीसगढ़ में 41 दिनों से जारी पटवारियों की हड़ताल स्थगित, सीएम साय के आश्वासन के बाद काम पर लौटेंगे कर्मचारी

