कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने 79 सहकारी समितियों के सभी उपार्जन केंद्रों में धान की नियमित निगरानी के निर्देश दिए, शनिवार-रविवार को होगा भौतिक सत्यापन।

रायगढ़। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी और उपार्जित धान की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। संभावित मौसमी बदलाव को देखते हुए जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बारिश, नमी और तेज हवाओं के कारण उपार्जित धान को किसी भी प्रकार का नुकसान नहीं होना चाहिए। इसके लिए जिले की 79 सहकारी समितियों के अंतर्गत संचालित सभी उपार्जन केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और भंडारित धान की नियमित निगरानी करने को कहा गया है।
हर धान स्टैक पर कैप कवर और तिरपाल लगाना अनिवार्य
प्रशासन ने सभी धान उपार्जन केंद्रों में पर्याप्त मात्रा में कैप कवर, पन्नी और तिरपाल उपलब्ध रखने के निर्देश दिए हैं। तेज हवाओं से धान के स्टैक को सुरक्षित रखने के लिए उन्हें रस्सियों से मजबूती से बांधने को कहा गया है।
वहीं, जमीन की नमी और पानी के संपर्क से धान को बचाने के लिए पर्याप्त डनेज यानी चबूतरे, लकड़ी अथवा भूसे की परत की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा उपार्जन केंद्रों के फड़ के आसपास जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने, नालियों की सफाई कराने और बारिश का पानी जमा नहीं होने देने पर भी विशेष जोर दिया गया है।
केंद्र प्रभारी 20 से 22 नवंबर तक मुख्यालय में रहेंगे
धान खरीदी और भंडारण व्यवस्था की लगातार निगरानी के लिए सभी उपार्जन केंद्र प्रभारियों और समिति कर्मचारियों को 20 से 22 नवंबर तक अनिवार्य रूप से अपने मुख्यालय में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान उन्हें केंद्रों में उपलब्ध धान की सुरक्षा और जरूरी व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखनी होगी।
इसके साथ ही खाद्य अधिकारियों को नोडल अधिकारियों के माध्यम से प्रत्येक शनिवार और रविवार को सभी धान उपार्जन केंद्रों का अनिवार्य भौतिक सत्यापन (पीवी) कराने के निर्देश दिए गए हैं। सत्यापन के दौरान कैप कवर, डनेज, तिरपाल, जल निकासी और धान के सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था का निरीक्षण किया जाएगा।
जिले में अब तक 1,308.72 मीट्रिक टन धान की खरीदी
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में रायगढ़ जिले में कुल 84,501 किसान पंजीकृत हैं। इनका कुल पंजीकृत रकबा 1,25,163.923 हेक्टेयर है। इनमें से अब तक 232 किसानों ने 250.328 हेक्टेयर रकबे का धान उपार्जन केंद्रों में बेचा है।
जिले के लिए 5,42,580.94 मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके मुकाबले अब तक 1,308.72 मीट्रिक टन मोटा धान खरीदा जा चुका है।
जिला प्रशासन का जोर धान खरीदी के साथ-साथ उपार्जित धान के सुरक्षित भंडारण पर भी है, ताकि किसानों की उपज को प्रतिकूल मौसम से बचाया जा सके और समर्थन मूल्य पर खरीदी की प्रक्रिया सुचारू, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित हो।
खबरें और भी
- रायगढ़ में शादी का झांसा देकर युवती से शारीरिक शोषण, बाद में मुकरा और दी जान से मारने की धमकी; आरोपी गिरफ्तार

- बालोद के किसानों को बड़ी राहत, ‘जीरो रकबा’ की समस्या दूर करने विशेष अभियान; अब तक 3,140 किसानों के रकबे में हुआ सुधार

- राजनांदगांव में घर की छत ढहने से मलबे में दबकर मजदूर की मौत, 2 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन

- बिलासपुर-अंबिकापुर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, ट्रेलर में घुसी ईको कार; एक युवती की मौत और 10 घायल

- छत्तीसगढ़ में 41 दिनों से जारी पटवारियों की हड़ताल स्थगित, सीएम साय के आश्वासन के बाद काम पर लौटेंगे कर्मचारी

