जेल के भीतर हत्या: तिहरे हत्याकांड के आरोपी ने बंदी को पत्थर से कुचला

बिलासपुर सेंट्रल जेल में मंगलवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई। पॉक्सो एक्ट के मामले में विचाराधीन बंदी नीलू जगत की जेल परिसर के भीतर ही पत्थर से हमला कर हत्या कर दी गई। हमले के आरोप में तिहरे हत्याकांड का दोषी कैदी राजेश राय का नाम सामने आया है, जो पिछले 17 वर्षों से जेल में सजा काट रहा है।

जानकारी के अनुसार, कोटा क्षेत्र के दवनपुर निवासी नीलू जगत वर्ष 2024 से पॉक्सो एक्ट के मामले में जेल में बंद था। उसे ई-1 बैरक में रखा गया था। मंगलवार सुबह करीब 9 बजे बैरक में कुछ बंदी लूडो खेल रहे थे, जबकि नीलू पास में आराम कर रहा था। इसी दौरान राजेश राय वहां पहुंचा और अपने पास रखे पत्थर से नीलू के सिर पर लगातार कई वार कर दिए।

अचानक हुए हमले से बैरक में अफरा-तफरी मच गई। अन्य बंदियों ने किसी तरह हस्तक्षेप कर राजेश को रोका और घटना की सूचना जेल प्रशासन को दी। गंभीर रूप से घायल नीलू को तत्काल सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान दोपहर करीब 12 बजे उसकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।

जेल अधीक्षक खोमेश मंडावी के अनुसार, आरोपित राजेश राय लंबे समय से मानसिक बीमारी से पीड़ित है और उसका उपचार चल रहा था। वहीं नीलू जगत को मिर्गी की शिकायत थी, जिसके कारण उसका भी नियमित इलाज किया जा रहा था। दोनों सहित कुछ अन्य बीमार बंदियों को चिकित्सा निगरानी के तहत एक ही बैरक में रखा गया था।

बताया जा रहा है कि राजेश राय और उसके पिता हरि राय हत्या के मामले में सजा काट रहे हैं। राजेश ने हाल ही में सजा माफी के लिए आवेदन किया था, जिसे राज्य सरकार ने कुछ दिन पहले खारिज कर दिया था। इसके बाद से वह मानसिक तनाव में बताया जा रहा था। फिलहाल पुलिस और जेल प्रशासन इस बात की जांच कर रहे हैं कि राजेश ने नीलू को ही निशाना क्यों बनाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *