स्पोर्ट्स डेस्क। फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप-K में शनिवार को खेले गए मुकाबलों के बाद नॉकआउट चरण की तस्वीर साफ हो गई। कोलंबिया और पुर्तगाल ने राउंड ऑफ-32 के लिए क्वालिफाई कर लिया है। वहीं, डीआर कांगो ने उज्बेकिस्तान को हराकर शानदार जीत जरूर दर्ज की, लेकिन गोल अंतर के आधार पर टूर्नामेंट से बाहर हो गया।

Highlight Lines
🔴कोलंबिया और पुर्तगाल ने राउंड ऑफ-32 में बनाई जगह
🔴ग्रुप-K का मुकाबला 0-0 की बराबरी पर रहा खत्म
🔴इंजरी टाइम में कोलंबिया का गोल ऑफसाइड करार
🔴डीआर कांगो ने उज्बेकिस्तान को 3-1 से हराया
🔴पुर्तगाल अब नॉकआउट में क्रोएशिया से भिड़ेगा
फ्लोरिडा के हार्ड रॉक स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में कोलंबिया और पुर्तगाल के बीच मैच 0-0 की बराबरी पर समाप्त हुआ। दोनों टीमों ने कई बेहतरीन मौके बनाए, लेकिन कोई भी गोल करने में सफल नहीं हो सकी।
मैच का सबसे रोमांचक पल इंजरी टाइम में देखने को मिला, जब 90+1वें मिनट में कोलंबिया के डेविनसन सांचेज ने हेडर से गेंद जाल में पहुंचाई। हालांकि VAR जांच में उनका गोल ऑफसाइड करार दिया गया और स्कोर 0-0 ही रहा।
ड्रॉ के साथ कोलंबिया ग्रुप-K में शीर्ष स्थान पर रहा, जबकि पुर्तगाल दूसरे स्थान पर रहते हुए नॉकआउट में पहुंच गया। अब राउंड ऑफ-32 में पुर्तगाल का मुकाबला क्रोएशिया से होगा, जबकि कोलंबिया की भिड़ंत घाना से होगी।
ग्रुप के दूसरे मुकाबले में डीआर कांगो ने उज्बेकिस्तान को 3-1 से हराया। उज्बेकिस्तान ने शुरुआती बढ़त बनाई थी, लेकिन कांगो ने शानदार वापसी करते हुए लगातार तीन गोल दाग दिए। इसके बावजूद टीम नॉकआउट में जगह बनाने से चूक गई, जबकि उज्बेकिस्तान बिना कोई अंक हासिल किए टूर्नामेंट से बाहर हो गया।
