दुर्ग। प्रदेश में आगजनी की घटनाओं को देखते हुए बहुमंजिला भवनों, कोचिंग सेंटरों और अन्य संस्थानों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की जांच तेज कर दी गई है। इसी अभियान के तहत दुर्ग जिले में अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने 40 से अधिक कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया।

Highlight Lines
🔴दुर्ग में 40 से ज्यादा कोचिंग सेंटरों की जांच
🔴फायर सेफ्टी में कई गंभीर खामियां मिलीं
🔴सुधार के लिए संस्थानों को मिला एक सप्ताह का समय
🔴नियमों का पालन नहीं करने पर होंगे कोचिंग सेंटर सील
🔴विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त
जांच के दौरान कई कोचिंग सेंटरों में अग्निशमन यंत्र, फायर अलार्म, आपातकालीन निकास मार्ग और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं में गंभीर खामियां पाई गईं। अधिकारियों ने संबंधित संचालकों को इन कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए हैं।
जिला सेनानी नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सभी संस्थानों को सुरक्षा मानकों का पालन करने के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया है। यदि निर्धारित समय के भीतर आवश्यक सुधार नहीं किए गए, तो संबंधित कोचिंग सेंटरों को सील करने की कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन का कहना है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और अग्नि सुरक्षा नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
