धमतरी। धमतरी जिले में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाला एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में तीन युवक एक व्यक्ति के साथ बेरहमी से मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि बदमाशों ने युवक को न सिर्फ पीटा, बल्कि उसे अपमानित भी किया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में दहशत और लोगों में आक्रोश का माहौल है।

Highlight Lines
🔴 धमतरी में युवक से बेरहमी से मारपीट का VIDEO वायरल
🔴 बदमाशों ने युवक से कहलवाया ‘बाप बोल’, ‘पैर पकड़’
🔴 इंस्टाग्राम स्टोरी पर अपलोड किया मारपीट का VIDEO
🔴 ग्रामीणों ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा
🔴 पुलिस ने जांच शुरू की, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक, यह घटना अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम खरतुली की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में तीन युवक एक युवक को घेरकर लात-घूंसों और चप्पलों से पीटते नजर आ रहे हैं। इतना ही नहीं, बदमाश युवक से जबरन ‘सॉरी बोल’, ‘बाप बोल’ और ‘पैर पकड़’ जैसे शब्द कहलवाते हुए उसका अपमान करते दिखाई दे रहे हैं।
हैरानी की बात यह है कि मारपीट के दौरान बदमाशों ने चप्पल पर थूककर युवक को मारा और पूरी घटना का वीडियो बनाकर उसे इंस्टाग्राम स्टोरी पर भी अपलोड कर दिया। एक अन्य वीडियो में एक आरोपी धारदार हथियार निकालने की कोशिश करता भी दिखाई दे रहा है।
घटना के बाद गांव में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए एक आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के पहुंचने तक उसे रस्सी से बांधकर रखा। इसके बाद आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
एडिशनल पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र पांडे ने बताया कि पीड़ित रूपेश साहू की शिकायत पर अर्जुनी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी घटना के समय नशे की हालत में थे। पुलिस वायरल वीडियो की भी जांच कर रही है और वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने जिले में बढ़ते अपराधों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार हो रही मारपीट, चाकूबाजी और लूट जैसी घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है। अब सभी की नजर पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हुई है।
