रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 लाख 25 हजार रुपये की संदिग्ध संपत्ति जब्त की है। पूंजीपथरा पुलिस ने 7.5 टन लोहे का स्क्रैप और उसे ले जा रहे 12 चक्का टाटा ट्रक को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

Highlight Lines
🔴 ऑपरेशन प्रहार में 20.25 लाख का संदिग्ध स्क्रैप जब्त
🔴 7.5 टन लोहे का स्क्रैप और 12 चक्का ट्रक पुलिस ने पकड़ा
🔴 बिना वैध दस्तावेज स्क्रैप परिवहन करते चालक गिरफ्तार
🔴 चोरी की संपत्ति के संदेह में ट्रक सहित कार्रवाई
🔴 अवैध कबाड़ कारोबार पर रायगढ़ पुलिस का बड़ा प्रहार
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुनकुरी से एक ट्रक में भारी मात्रा में लोहे का स्क्रैप लोड कर पूंजीपथरा की ओर लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तमनार चौक में घेराबंदी कर ट्रक क्रमांक CG-14-D-0528 को रोककर जांच की।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम सुलतान खान बताया। जब पुलिस ने स्क्रैप से जुड़े वैध दस्तावेज मांगे, तो चालक कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने चोरी की संपत्ति होने के संदेह में ट्रक सहित पूरा स्क्रैप जब्त कर लिया।
जब्त किए गए 7.5 टन स्क्रैप की अनुमानित कीमत 5 लाख 25 हजार रुपये, जबकि 12 चक्का ट्रक की कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है। इस तरह कुल 20 लाख 25 हजार रुपये की संपत्ति पुलिस ने जब्त की है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस और बीएनएसएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अवैध कबाड़ कारोबार, चोरी की संपत्ति और संगठित अपराध से जुड़े नेटवर्क पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
