रायपुर/नई दिल्ली। भारतीय सेना को नया नेतृत्व मिल गया है। जनरल धीरज सेठ ने भारतीय सेना के 31वें सेना प्रमुख के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया है। वहीं, चार दशकों से अधिक समय तक देश की सेवा करने के बाद जनरल उपेंद्र द्विवेदी आज सेवानिवृत्त हो गए।

Highlight Lines
🔴 जनरल धीरज सेठ ने 31वें सेना प्रमुख के रूप में संभाला पदभार
🔴 जनरल उपेंद्र द्विवेदी चार दशक की सेवा के बाद हुए सेवानिवृत्त
🔴 1986 में बख्तरबंद कोर में हुए थे कमीशन
🔴 रणनीति, ऑपरेशन और सैन्य आधुनिकीकरण में रहा अहम योगदान
जनरल धीरज सेठ पुणे स्थित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, खड़कवासला के पूर्व छात्र हैं। उन्हें दिसंबर 1986 में बख्तरबंद कोर में कमीशन मिला था। लगभग 40 वर्षों के सैन्य करियर में उन्होंने परिचालन, रणनीति, क्षमता विकास और संस्थागत नेतृत्व के विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने रेगिस्तानी क्षेत्र में बख्तरबंद रेजिमेंट, पश्चिमी मोर्चे पर बख्तरबंद ब्रिगेड और जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद विरोधी बल की कमान संभाली। लेफ्टिनेंट जनरल के रूप में उन्होंने भारतीय सेना की प्रमुख स्ट्राइक फॉर्मेशन ‘सुदर्शन चक्र कोर’ का नेतृत्व भी किया। इसके अलावा दिल्ली क्षेत्र के जनरल ऑफिसर कमांडिंग के रूप में कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सैन्य अभियानों का सफल संचालन किया।
भारतीय सेना की युद्ध क्षमता को मजबूत बनाने और आधुनिक सैन्य बदलावों में उनके योगदान को महत्वपूर्ण माना जाता है।
