रायगढ़। रायगढ़ पुलिस के “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत तमनार पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए CHP चौक लिबरा हिंसा के मुख्य आरोपी राजेश मरकाम को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले करीब छह महीने से फरार था और उसके खिलाफ पुलिस पर जानलेवा हमला, लूटपाट, आगजनी, बलवा, आर्म्स एक्ट तथा शासकीय कार्य में बाधा डालने जैसे गंभीर मामले दर्ज थे। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

🔴 Highlight Lines
🔴 ऑपरेशन क्लीन हंट में CHP चौक हिंसा का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
🔴 पुलिस पर हमले, लूटपाट और आगजनी के मामले में था फरार
🔴 तमनार-पूंजीपथरा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी दबोचा गया
🔴 CHP चौक हिंसा मामले में अब तक 22 आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, 27 दिसंबर 2025 को गारे पेलमा सेक्टर-01 कोयला परियोजना की जनसुनवाई के विरोध में चल रहे आंदोलन के दौरान प्रदर्शन हिंसक हो गया था। आरोप है कि राजेश मरकाम और उसके साथियों ने आंदोलनकारियों को उकसाकर पुलिस बल पर लाठी, डंडे, टांगी और पत्थरों से हमला कराया। इस दौरान कई पुलिसकर्मी घायल हुए, शासकीय वॉकी-टॉकी और मोबाइल फोन लूट लिए गए तथा पुलिस और प्रशासन के वाहनों में आगजनी और तोड़फोड़ की गई।
इस पूरे प्रकरण में थाना तमनार में 16 अलग-अलग अपराध दर्ज किए गए हैं। अब तक 22 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
मुखबिर की सूचना पर तमनार और पूंजीपथरा पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम बरपाली में घेराबंदी कर आरोपी राजेश मरकाम को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने हिंसक घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने उसे संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
रायगढ़ पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत फरार आरोपियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
