महासमुंद। झलप शराब दुकान में अवैध शराब बिक्री की शिकायत पर कार्रवाई करने पहुंची आबकारी विभाग की टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए अधिकारियों से मारपीट की और जब्त की गई शराब जबरन छुड़ाकर फरार हो गए। पुलिस ने मामले में कई आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

🔴 Highlight Lines
🔴 अवैध शराब पर कार्रवाई करने पहुंची आबकारी टीम पर हमला
🔴 336 पाव देशी शराब जब्त, आरोपी शराब छुड़ाकर फरार
🔴 शासकीय कार्य में बाधा और मारपीट का मामला दर्ज
🔴 पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कर रही दबिश
जानकारी के अनुसार जिला आबकारी अधिकारी अजय कुमार पांडेय अपनी टीम के साथ शिकायत के सत्यापन के लिए झलप पहुंचे थे। कार्रवाई के दौरान टीम ने चेतन रौतिया, मुकेश कोसले और सेवन जोशी के कब्जे से 336 पाव देशी प्लेन शराब जब्त की थी।
इसी दौरान हेमंत मिर्धा उर्फ हेमंत बिहारी, उसके पिता अवधेश मिर्धा और अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने आबकारी टीम से विवाद किया, मुख्य सेल्समैन एस. कुमार निषाद के साथ मारपीट की और अधिकारियों को धमकाते हुए जब्त की गई शराब जबरन छुड़ाकर फरार हो गए।
घटना के दौरान भागदौड़ में आरोपियों के मोबाइल फोन मौके पर ही छूट गए, जिन्हें आबकारी अधिकारियों ने जब्त कर पुलिस को सौंप दिया। पटेवा पुलिस ने हेमंत मिर्धा, अवधेश मिर्धा, चेतन रौतिया, मुकेश कोसले, सेवन जोशी समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
