जांजगीर-चांपा। प्रधानमंत्री मातृवंदना योजना के तहत चलाए जा रहे विशेष अभियान में जांजगीर-चांपा जिले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे छत्तीसगढ़ में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं ब्लॉक स्तर पर अकलतरा परियोजना भी प्रदेश में प्रथम स्थान पर रही है।

🔴 Highlight Lines
🔴 प्रधानमंत्री मातृवंदना योजना में जांजगीर-चांपा प्रदेश में प्रथम
🔴 लक्ष्य का 106.5% हासिल कर बनाया नया रिकॉर्ड
🔴 अकलतरा परियोजना भी ब्लॉक स्तर पर नंबर-1 बनी
🔴 योजना से गर्भवती महिलाओं को आर्थिक और पोषण संबंधी सहायता
भारत सरकार द्वारा 15 जून से 15 जुलाई 2026 तक प्रधानमंत्री मातृवंदना योजना के तहत विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिला कार्यक्रम अधिकारी अनिता अग्रवाल ने बताया कि जिले में 25 जून तक 863 पात्र हितग्राहियों का पंजीयन किया गया, जो निर्धारित लक्ष्य का 106.5 प्रतिशत है। इसी उपलब्धि के साथ जांजगीर-चांपा ने प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया।

उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग, पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण और समय-समय पर आवश्यक मार्गदर्शन दिए जाने से पात्र हितग्राहियों का समय पर पंजीयन सुनिश्चित हुआ। इससे गर्भवती महिलाओं को योजना का लाभ समय पर मिल रहा है, जिससे पोषण, स्वास्थ्य देखभाल और आर्थिक सहायता सुनिश्चित हो रही है।
अकलतरा परियोजना अधिकारी राजेश्वरी पाटले ने बताया कि उनकी परियोजना ने भी ब्लॉक स्तर पर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मातृवंदना योजना से गर्भवती महिलाओं की आर्थिक स्थिति में सुधार आया है और कुपोषण कम करने में भी मदद मिली है।
योजना की हितग्राहियों ने बताया कि गर्भावस्था के दौरान पोषणयुक्त भोजन और आराम बेहद जरूरी होता है। योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता से फल, हरी सब्जियां और पौष्टिक आहार लेने में सुविधा मिली है। हितग्राहियों ने इसके लिए प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
