रायगढ़। रायगढ़ पुलिस 4 जुलाई को “संस्कारों से युक्त रायगढ़, नशा-सट्टा से मुक्त रायगढ़” थीम पर ‘पुलिस जन संवाद’ कार्यक्रम आयोजित करेगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी देते हुए समाज के सभी वर्गों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि नशा और जुआ-सट्टा जैसी सामाजिक बुराइयों का स्थायी समाधान केवल पुलिस कार्रवाई से नहीं, बल्कि जनसहयोग से संभव है।

🔴 Highlight Lines
🔴 4 जुलाई को होगा ‘पुलिस जन संवाद’ कार्यक्रम
🔴 नशा और जुआ-सट्टा मुक्त रायगढ़ बनाने की पहल
🔴 पुनर्वास और रोजगार पर बनेगी संयुक्त कार्ययोजना
🔴 पुलिस, प्रशासन, NGO और समाजसेवियों की बनेगी समिति
एसएसपी ने बताया कि रायगढ़ पुलिस ने पिछले पांच महीनों में नशे के अवैध कारोबार और जुआ-सट्टा के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर इन गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया है। अब इस अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से और मजबूत किया जाएगा। कार्यक्रम के जरिए वार्ड स्तर पर पुलिस और नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा, ताकि लोग बिना किसी संकोच के अपनी शिकायतें और सूचनाएं पुलिस तक पहुंचा सकें।
कार्यक्रम में नशे और जुआ-सट्टा की लत से प्रभावित लोगों के पुनर्वास, मार्गदर्शन और रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में भी चर्चा होगी। इसके लिए पुलिस, प्रशासन, समाज कल्याण विभाग, अधिवक्ताओं, मीडिया, समाजसेवियों और स्वयंसेवी संस्थाओं की संयुक्त समिति गठित करने पर विचार किया जाएगा।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर रायगढ़ को नशा और जुआ-सट्टा मुक्त बनाने के संकल्प में भागीदारी निभाने की अपील की।
