Highlight Lines
🔴 टूटी पुलिया से नदी पार कर स्कूल पहुंच रहे बच्चे
🔴 अभिभावक पीठ पर बैठाकर करा रहे नदी पार
🔴 पुल टूटने से कई गांवों का संपर्क बाधित
🔴 ग्रामीणों ने स्थायी पुल निर्माण की उठाई मांग
सूरजपुर। सुखदेवपुर टूटी पुलिया बारिश के मौसम में स्कूली बच्चों के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है। प्रतापपुर तहसील के सुखदेवपुर गांव में पुलिया टूटने के कारण बोझा, सुखदेवपुर, चंद्रपुर और आसपास के गांवों के बच्चों को रोज फुलझर नदी पार कर खड़गवां स्थित स्कूल जाना पड़ रहा है। कई अभिभावक बच्चों को पीठ पर बैठाकर नदी पार करा रहे हैं, जबकि कई बच्चे अपनी जान जोखिम में डालकर स्कूल पहुंच रहे हैं।

ग्रामीणों के अनुसार सुखदेवपुर टूटी पुलिया से वर्षों तक एसईसीएल के भारी कोयला परिवहन वाहन गुजरते रहे। लगातार भारी वाहनों की आवाजाही और समय पर मरम्मत नहीं होने से पुलिया पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद कई गांवों का संपर्क टूट गया और सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ रही है।
सुखदेवपुर टूटी पुलिया के कारण बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। कई बच्चे डर की वजह से स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। एसईसीएल ने वैकल्पिक रपटा बनाना शुरू किया, लेकिन बरसात में उसके ऊपर से पानी बहने के कारण वह भी सुरक्षित नहीं है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कोयला खदान शुरू होने के समय एसईसीएल ने सड़क और पुल जैसी बुनियादी सुविधाएं विकसित करने का वादा किया था, लेकिन आज तक स्थायी पुल का निर्माण नहीं कराया गया। कई बार आंदोलन और सड़क जाम के बावजूद केवल आश्वासन ही मिला।
ग्रामीणों ने शासन, प्रशासन और एसईसीएल से सुखदेवपुर टूटी पुलिया की जगह जल्द स्थायी पुल बनाने, बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने और लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि जल्द समाधान नहीं होने पर बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा।
