रायगढ़। ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ऑपरेशन क्लीन हंट अभियान के दौरान कापू थाना पुलिस ने पत्नी और ससुर पर जानलेवा हमला कर तीन महीने से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया लोहे का सब्बल और धारदार टंगिया भी बरामद किया है।

🔴 Highlight Lines
🔴 ऑपरेशन क्लीन हंट में 3 महीने से फरार आरोपी गिरफ्तार
🔴 पत्नी और ससुर पर सब्बल व टंगिया से किया था हमला
🔴 सरगुजा से घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा
🔴 वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद
पुलिस के अनुसार 19 मार्च 2026 को पीड़िता जेरोमिना किस्पोट्टा अपने पति अमिताप लकड़ा के साथ मायके आई हुई थी। मामूली विवाद के बाद आरोपी ने पत्नी पर लोहे के सब्बल से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए ससुर पर भी टंगिया से हमला किया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
मामले में थाना कापू में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया था। घटना के बाद आरोपी लगातार फरार चल रहा था। ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत फरार आरोपियों की तलाश के दौरान पुलिस को आरोपी के सरगुजा जिले में होने की सूचना मिली।
सूचना के आधार पर ऑपरेशन क्लीन हंट अभियान चला रही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी अमिताप लकड़ा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर लोहे का सब्बल और धारदार टंगिया बरामद की गई।
रायगढ़ पुलिस ने बताया कि ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत जिले के सभी फरार आरोपियों की लगातार तलाश की जा रही है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
