Highlight Lines
🔴 कोलकाता से लौटे 54 वर्षीय व्यक्ति में H1N1 संक्रमण की आशंका
🔴 दोनों फेफड़ों में गंभीर निमोनिया मिलने के बाद बढ़ी चिंता
🔴 बेहतर इलाज के लिए मरीज को एयर एंबुलेंस से हैदराबाद भेजा गया
🔴 बारिश के बीच पुलिस ने ग्रीन कॉरिडोर बनाकर पहुंचाई मदद
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में H1N1 (स्वाइन फ्लू) के एक संदिग्ध मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। कोलकाता से लौटे 54 वर्षीय व्यक्ति की तबीयत बिगड़ने पर उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां जांच में दोनों फेफड़ों में गंभीर निमोनिया और H1N1 संक्रमण की आशंका जताई गई। अंतिम पुष्टि के लिए मरीज का सैंपल जांच हेतु एम्स भेजा गया है।

डॉक्टरों के अनुसार मरीज की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए एयर एंबुलेंस के जरिए हैदराबाद के हायर सेंटर रेफर किया गया। इस दौरान मूसलाधार बारिश के बीच बिलासपुर पुलिस ने अपोलो अस्पताल से चकरभाठा एयरपोर्ट तक विशेष ग्रीन कॉरिडोर बनाकर एंबुलेंस को बिना किसी बाधा के समय पर एयरपोर्ट पहुंचाया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शुभा गरेवाल ने बताया कि मरीज के परिजनों की स्वास्थ्य जांच फिलहाल सामान्य है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और तेज बुखार, खांसी या सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है।
स्वास्थ्य विभाग ने पूरे मामले पर निगरानी बढ़ा दी है। अधिकारियों का कहना है कि H1N1 की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। फिलहाल अस्पताल और स्वास्थ्य विभाग सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठा रहे हैं।
