Highlight Lines
🔴 मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने समाचार का लिया तत्काल संज्ञान
🔴 24 घंटे के भीतर दिव्यांग गणेश राम यादव को मिली ट्राइसाइकिल
🔴 शासकीय अवकाश के दिन भी सक्रिय रहा जिला प्रशासन
🔴 परिवार को दिव्यांग पेंशन, राशन और महतारी वंदन योजना का भी मिल रहा लाभ
रायगढ़। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ विकासखंड के ग्राम कमोसिनडांड निवासी जन्म से दिव्यांग गणेश राम यादव को महज 24 घंटे के भीतर ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई गई। एक समाचार में उनकी परेशानी सामने आने के बाद मुख्यमंत्री ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे।

अवकाश के दिन भी सक्रिय रहा प्रशासन
मुख्यमंत्री के निर्देश मिलते ही समाज कल्याण विभाग और जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रविवार के शासकीय अवकाश के बावजूद ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी की। जनपद पंचायत धरमजयगढ़ के माध्यम से ट्राइसाइकिल गणेश राम यादव के घर पहुंचाई गई। उनके घर पर मौजूद नहीं होने के कारण ट्राइसाइकिल उनके बड़े भाई विचित्र यादव को सौंप दी गई।
हाथों के सहारे चलने को थे मजबूर
गणेश राम यादव जन्म से दिव्यांग हैं और आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वर्षों से ट्राइसाइकिल जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित थे। पहाड़ी और दुर्गम क्षेत्र में रहने के कारण उन्हें आवागमन, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य जरूरी कार्यों के लिए काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
ट्राइसाइकिल मिलने से आसान होगा जीवन
गणेश राम यादव के बड़े भाई ने बताया कि अब ट्राइसाइकिल मिलने से वे आसानी से आवागमन कर सकेंगे और अपने कई दैनिक कार्य स्वयं कर पाएंगे। इससे स्वास्थ्य केंद्र, बैंक, पंचायत और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचना भी पहले की तुलना में आसान होगा।
परिवार को मिल रही सरकारी योजनाओं का लाभ
परिवार ने बताया कि गणेश राम यादव और उनके बड़े भाई दोनों को दिव्यांग पेंशन मिल रही है। परिवार को महतारी वंदन योजना का लाभ भी प्राप्त हो रहा है तथा राशन कार्ड के माध्यम से नियमित खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन की इस त्वरित एवं संवेदनशील पहल की सराहना की।
