Highlight Lines
🔴 2 अगस्त को रायपुर में होगी राज्य स्तरीय कार्यशाला
🔴 मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा होंगे शामिल
🔴 नए आपराधिक कानूनों और डिजिटल तकनीक पर होगा मंथन
🔴 ICJS, CCTNS और डिजिटल न्याय प्रणाली पर विशेषज्ञ देंगे प्रशिक्षण
रायपुर।
न्याय व्यवस्था को आधुनिक तकनीकों के माध्यम से अधिक सशक्त, सरल, सुगम और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से 2 अगस्त 2026 को रायपुर में “नवीन आपराधिक कानूनों के माध्यम से डिजिटल न्याय व्यवस्था को सशक्त बनाना” विषय पर राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इस कार्यशाला में न्यायपालिका, पुलिस और अभियोजन तंत्र के बीच डिजिटल समन्वय को मजबूत बनाने पर विशेष चर्चा होगी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे मुख्य अतिथि
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल होंगे, जबकि कार्यशाला की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा करेंगे। इसमें राज्यभर के न्यायिक अधिकारी, सभी जिलों के पुलिस अधीक्षक, पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस महानिदेशक तथा न्यायिक एवं पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भाग लेंगे।
नए कानूनों और डिजिटल सिस्टम पर होगी चर्चा
कार्यशाला के दौरान अंतर-संचालनीय आपराधिक न्याय प्रणाली (ICJS), अपराध एवं अपराधी ट्रैकिंग नेटवर्क सिस्टम (CCTNS), डिजिटल न्यायिक समन्वय, नए आपराधिक कानूनों के तहत तकनीकी एकीकरण और न्यायिक प्रक्रियाओं के डिजिटलीकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा।
एनआईसी और एनसीआरबी के विशेषज्ञ देंगे प्रशिक्षण
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) और राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) के वरिष्ठ अधिकारी विषय विशेषज्ञ के रूप में शामिल होंगे। वे आधुनिक डिजिटल तकनीकों, न्यायिक प्रक्रियाओं और पुलिस तंत्र में तकनीकी सुधारों पर विस्तृत प्रस्तुति एवं प्रशिक्षण देंगे।
न्याय प्रणाली को मिलेगा डिजिटल मजबूती
राज्य सरकार के अनुसार यह कार्यशाला न्यायपालिका, पुलिस और अभियोजन तंत्र के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ-साथ डिजिटल तकनीकों के प्रभावी उपयोग को बढ़ावा देगी। इसका उद्देश्य नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी, सुलभ और प्रभावी न्याय उपलब्ध कराना तथा नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन को गति देना है।
