Highlight Lines
🔴 रुद्रेश्वर घाट पर पहली भव्य महानदी गंगा आरती का आयोजन
🔴 20 करोड़ रुपये से रुद्रेश्वर धाम का होगा समग्र विकास
🔴 आधुनिक सुविधाओं के साथ धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
🔴 श्रद्धालुओं के लिए विकसित होंगे घाट, फूड कोर्ट और रिवर फ्रंट
धमतरी। सावन माह में धमतरी के रुद्रेश्वर घाट पर पहली बार भव्य महानदी गंगा आरती का आयोजन श्रद्धा और भक्ति के माहौल में संपन्न हुआ। विद्युत सज्जा, दीपों की श्रृंखलाओं और रंग-बिरंगी रोशनी से सजे घाट पर हजारों श्रद्धालु जुटे। हर-हर महादेव और जय मां महानदी के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

भजनों और वैदिक मंत्रों के बीच हुई गंगा आरती
महाआरती से पहले विद्याकुंज स्कूल के विद्यार्थियों ने भगवान श्रीराम, भगवान शिव और भगवान जगन्नाथ की स्तुति में भजन प्रस्तुत किए। इसके बाद रुद्रेश्वर महादेव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की गई और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ चित्रोत्पला महानदी की भव्य गंगा आरती संपन्न हुई। आरती के बाद श्रद्धालुओं पर पवित्र जल का छिड़काव किया गया और महाप्रसादी का वितरण किया गया।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में विधायक ओंकार साहू, महापौर जगदीश रामू रोहरा, कलेक्टर अबिनाश मिश्रा, पूर्व विधायक रंजना साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने महानदी संरक्षण, सामाजिक सद्भाव और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

20 करोड़ रुपये से होगा रुद्रेश्वर धाम का विकास
राज्य सरकार ने रुद्रेश्वर महादेव मंदिर परिसर के समग्र विकास के लिए करीब 20 करोड़ रुपये की परियोजना तैयार की है। तीन चरणों में विकसित होने वाली इस योजना के तहत मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण, मुख्य प्रवेश द्वार, दीप स्तंभ, नंदी प्रतिमा, तोरण द्वार और श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
धार्मिक पर्यटन को मिलेगा नया आयाम
परियोजना के अंतर्गत चौड़े पैदल मार्ग, विश्राम स्थल, फूड कोर्ट, प्रसाद एवं स्मृति केंद्र, डिजिटल सूचना प्रणाली, स्वास्थ्य केंद्र, एआई आधारित हेल्थ चेकअप कियोस्क, दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाएं, सुरक्षित घाट, रिवर फ्रंट कॉटेज और ओपन एयर स्टेज जैसी व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी। साथ ही सौर ऊर्जा, ईवी चार्जिंग स्टेशन, वर्षा जल संचयन और हरित विकास को भी प्राथमिकता दी जाएगी।
