Highlight Lines
🔴 डेयरी एनालॉग (नकली पनीर) पर रायगढ़ में चला जांच अभियान
🔴 कई डेयरी और मिठाई दुकानों से पनीर-दही के सैंपल लिए गए
🔴 मिलावटी डेयरी उत्पाद बेचने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
🔴 संदिग्ध खाद्य पदार्थों की शिकायत के लिए हेल्पलाइन जारी
रायगढ़। उपभोक्ताओं को मिलावटी और अमानक डेयरी उत्पादों से सुरक्षित रखने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन रायगढ़ ने जिले में डेयरी एनालॉग (नकली पनीर, क्रीम और मक्खन) के खिलाफ विशेष जांच अभियान शुरू किया है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर और आसपास के प्रमुख डेयरी प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर संदिग्ध डेयरी उत्पादों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं।

डेयरी और मिठाई दुकानों में जांच अभियान
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बड़े रामपुर स्थित फ्रेसशेल डेयरी का निरीक्षण किया। यहां डेयरी एनालॉग पनीर का उत्पादन या भंडारण नहीं मिला, लेकिन एहतियात के तौर पर दही और पनीर के सैंपल जांच के लिए भेजे गए। इसके अलावा गणगौर स्वीट्स से पनीर और यूज्ड कुकिंग ऑयल के नमूने लिए गए। वहीं मामा डेयरी, गणेश डेयरी और सुश्री होटल का निरीक्षण कर संचालकों को खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
क्या है डेयरी एनालॉग?
अभिहित अधिकारी सुधा चौधरी ने बताया कि डेयरी एनालॉग ऐसे उत्पाद होते हैं, जिनमें प्राकृतिक दूध की जगह वनस्पति तेल, वनस्पति वसा और अन्य गैर-दुग्ध अवयवों का उपयोग किया जाता है। ये देखने में सामान्य पनीर, क्रीम और मक्खन जैसे लगते हैं, जिससे उपभोक्ता आसानी से भ्रमित हो सकते हैं। एफएसएसएआई के निर्देशों के अनुसार ऐसे उत्पादों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
उपभोक्ताओं से सतर्क रहने की अपील
खाद्य सुरक्षा विभाग ने लोगों से अपील की है कि डेयरी उत्पाद खरीदते समय पैकेट पर अंकित जानकारी जरूर पढ़ें और यदि किसी उत्पाद पर “डेयरी एनालॉग” लिखा हो तो उसे खरीदने से बचें। साथ ही खुले में बिकने वाले पनीर और दूध से बने उत्पाद केवल लाइसेंसधारी और विश्वसनीय दुकानों से ही खरीदें।
शिकायत के लिए हेल्पलाइन जारी
यदि किसी स्थान पर मिलावटी खाद्य पदार्थ या संदिग्ध डेयरी उत्पादों की बिक्री की जानकारी मिले तो इसकी सूचना खाद्य एवं औषधि प्रशासन के हेल्पलाइन नंबर 9340597097 पर दी जा सकती है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण और सैंपलिंग की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
