Highlight Lines
🔴 छत्तीसगढ़ में 5,860 सहायक शिक्षक पदों पर होगी भर्ती
🔴 5,494 सामान्य व 366 पद दिव्यांग वर्ग के लिए आरक्षित
🔴 विशेष पिछड़ी जनजाति अभ्यर्थियों को D.El.Ed और TET में छूट
🔴 व्यापम के माध्यम से होगी भर्ती परीक्षा, जल्द जारी होगा शेड्यूल
रायपुर। प्रदेश के आदिवासी और दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए स्कूल शिक्षा विभाग ने 5,860 सहायक शिक्षक पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने सहायक शिक्षक ई संवर्ग, टी संवर्ग और दिव्यांग वर्ग के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।

5,860 पदों पर होगी नियुक्ति
भर्ती के तहत कुल 5,860 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें 5,494 पद सहायक शिक्षक ई एवं टी संवर्ग के लिए हैं, जबकि 366 पद दिव्यांग वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित रखे गए हैं। यह भर्ती वर्ष 2023 में जारी संक्षिप्त विज्ञापन के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है।
विशेष जनजाति अभ्यर्थियों को मिलेगी राहत
इस भर्ती में विशेष पिछड़ी जनजातियों (PVTG) के अभ्यर्थियों को नियुक्ति के समय D.El.Ed (D.Ed) और TET की अनिवार्यता से छूट दी गई है। स्कूल शिक्षा विभाग के पूर्व आदेश के अनुसार यह सुविधा पहले की तरह जारी रहेगी।
क्या होगी शैक्षणिक योग्यता?
भर्ती में आवेदन करने के लिए अभ्यर्थी का हायर सेकेंडरी में न्यूनतम 45 प्रतिशत अंक होना आवश्यक है। इसके साथ D.El.Ed/B.El.Ed तथा प्राथमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) उत्तीर्ण होना अनिवार्य रहेगा। हालांकि विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग के अभ्यर्थियों को निर्धारित नियमों के अनुसार छूट मिलेगी।
व्यापम कराएगा भर्ती परीक्षा
सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा का आयोजन छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा किया जाएगा। ऑनलाइन आवेदन की तिथि और विस्तृत परीक्षा कार्यक्रम जल्द जारी किया जाएगा।
इन जिलों में होगी नियुक्ति
भर्ती के माध्यम से प्रदेश के अनुसूचित और आदिवासी बहुल जिलों में शिक्षकों की कमी दूर की जाएगी। इनमें—
- बस्तर
- कोंडागांव
- नारायणपुर
- बीजापुर
- दंतेवाड़ा
- सुकमा
- कांकेर
- सरगुजा
- सूरजपुर
- कोरिया
- बलरामपुर
- जशपुर
- मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर
जैसे जिले शामिल हैं। लंबे समय से रिक्त पदों के कारण प्रभावित शिक्षण व्यवस्था को इस भर्ती से मजबूती मिलने की उम्मीद है।
