Highlight Lines
🔴 मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना 2026 के लिए आवेदन शुरू
🔴 चयनित कलाकारों को सालाना ₹12,000 से ₹24,000 तक प्रोत्साहन राशि
🔴 31 अगस्त 2026 तक कर सकते हैं आवेदन
🔴 लोक नृत्य, संगीत, शिल्प, पाक कला सहित कई विधाओं के कलाकार होंगे पात्र
रायपुर। छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक कला और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा लोक कलाकारों को आर्थिक सहयोग देने के उद्देश्य से संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय ने मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026 के तहत प्रदेश के लोक कलाकारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस योजना का उद्देश्य पारंपरिक लोक कलाओं का संरक्षण, कलाकारों का सम्मान और कला दलों के सतत विकास को बढ़ावा देना है।

इन कलाकारों से मांगे गए आवेदन
योजना के तहत निम्न श्रेणियों के कलाकार आवेदन कर सकते हैं—
- लोक नृत्य एवं लोक संगीत कलाकार
- लोक नाट्य कलाकार
- लोकगाथा कलाकार
- छत्तीसगढ़ी गीतकार
- वाद्ययंत्र वादक
- शिल्प कलाकार
- पारंपरिक छत्तीसगढ़ी पाक कला विशेषज्ञ
- छत्तीसगढ़ी सौंदर्य कला (श्रृंगार) से जुड़े कलाकार
मिलेगी ₹12,000 से ₹24,000 तक की सहायता
योजना के तहत चयनित कलाकारों का चिन्हारी पोर्टल में पंजीयन अनिवार्य होगा। पात्र कलाकारों को प्रतिवर्ष न्यूनतम ₹12,000 से अधिकतम ₹24,000 तक की प्रोत्साहन राशि ई-पेमेंट के माध्यम से दी जाएगी। यह राशि प्रत्येक वित्तीय वर्ष में एक बार प्रदान की जाएगी।
आवेदन के लिए जरूरी पात्रता
योजना का लाभ केवल उन कलाकारों को मिलेगा जिनकी सभी स्रोतों से वार्षिक आय ₹96,000 से अधिक नहीं है। आवेदन के साथ आय प्रमाण-पत्र, बैंक खाते का विवरण, IFSC कोड तथा पैन कार्ड की प्रति संलग्न करना अनिवार्य होगा।
ऐसे करें आवेदन
आवेदन निर्धारित प्रारूप में पंजीकृत डाक के माध्यम से भेजे जाएंगे। आवेदन पत्र विभाग की वेबसाइट से डाउनलोड किए जा सकते हैं या संचालनालय कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं।
आवेदन भेजने का पता:
संचालक, संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय
छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल, व्यावसायिक परिसर, द्वितीय तल, सेक्टर-27,
नया रायपुर, अटल नगर (छत्तीसगढ़) – 492018
लिफाफे पर “मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026” स्पष्ट रूप से लिखना आवश्यक होगा।
31 अगस्त है अंतिम तिथि
आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। प्राप्त आवेदनों की जांच समिति द्वारा की जाएगी और समिति का निर्णय अंतिम होगा।
इस योजना के माध्यम से प्रदेश के लोक कलाकारों को आर्थिक सहयोग मिलने के साथ-साथ अपनी कला को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का अवसर भी मिलेगा।
