Highlight Lines
🔴 रात में सड़क हादसे रोकने रायगढ़ पुलिस का अभिनव अभियान
🔴 सड़क किनारे पेड़ों पर लगाए जा रहे Tree Marker रेडियम रिफ्लेक्टर
🔴 वाहन चालकों को दूर से मिलेगा खतरे का संकेत
🔴 एसएसपी शशि मोहन सिंह बोले- सुरक्षा के लिए नवाचार भी जरूरी
रायगढ़। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रायगढ़ पुलिस ने एक अभिनव पहल शुरू की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले के प्रमुख मार्गों पर सड़क किनारे स्थित पेड़ों पर Tree Marker रेडियम रिफ्लेक्टर लगाए जा रहे हैं, ताकि रात के समय वाहन चालकों को पहले से खतरे का संकेत मिल सके।
रात में दुर्घटनाएं रोकने की नई पहल
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ट्रैफिक) पुष्पेन्द्र बघेल तथा ट्रैफिक डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह के नेतृत्व में यातायात पुलिस की टीमें इस अभियान को संचालित कर रही हैं। रात के अंधेरे में सड़क किनारे खड़े पेड़ आसानी से दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। रेडियम रिफ्लेक्टर वाहन की हेडलाइट पड़ते ही चमकने लगते हैं और चालक को समय रहते सतर्क कर देते हैं।

कई प्रमुख मार्गों पर शुरू हुआ अभियान
यातायात पुलिस ने उर्दना-गेरवानी-लाखा मार्ग, पहाड़ मंदिर-बनोरा मार्ग तथा इंदिरा विहार-हमीरपुर मार्ग सहित कई संवेदनशील स्थानों पर पेड़ों पर रिफ्लेक्टर लगाए हैं। आने वाले दिनों में जिले के अन्य दुर्घटना संभावित मार्गों पर भी यह अभियान चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा।
वाहन चालकों से पुलिस की अपील
रायगढ़ पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि रात में निर्धारित गति सीमा का पालन करें, अनावश्यक हाई बीम का उपयोग न करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें तथा सड़क संकेतकों और रिफ्लेक्टर मार्किंग का सम्मान करते हुए सावधानी से वाहन चलाएं।
एसएसपी का संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए पुलिस केवल चालानी कार्रवाई ही नहीं, बल्कि ऐसे नवाचार भी कर रही है जो सीधे लोगों की सुरक्षा से जुड़े हैं। Tree Marker रेडियम रिफ्लेक्टर वाहन चालकों को समय रहते सतर्क करेंगे और दुर्घटनाओं की संभावना कम करेंगे।
