Highlight Lines
🔴 श्री रामलला दर्शन योजना के 14वें चरण में 204 श्रद्धालु अयोध्या रवाना
🔴 जशपुर जिले से अब तक 2,856 श्रद्धालु कर चुके हैं रामलला के दर्शन
🔴 यात्रा, भोजन और आवास का पूरा खर्च उठा रही छत्तीसगढ़ सरकार
🔴 जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर श्रद्धालुओं को किया रवाना
जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित श्री रामलला दर्शन योजना के तहत जशपुर जिले के श्रद्धालुओं को निःशुल्क अयोध्या दर्शन का लाभ लगातार मिल रहा है। योजना के 14वें चरण में जिले के विभिन्न जनपद पंचायतों, नगर पंचायतों और सियानगुड़ी से चयनित 204 श्रद्धालुओं को प्रभु श्री रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या रवाना किया गया।

जनप्रतिनिधियों ने दिखाई हरी झंडी
जशपुर में आयोजित कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष गंगा राम भगत और नगर पालिका अध्यक्ष अरविन्द भगत ने श्रद्धालुओं की बस को हरी झंडी दिखाकर शुभ यात्रा के लिए रवाना किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य पिंकी गुप्ता, जनपद सदस्य एवं अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।

अब तक 2,856 श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
श्री रामलला दर्शन योजना के तहत अब तक जशपुर जिले के 2,856 श्रद्धालु अयोध्या जाकर प्रभु श्री रामलला के दर्शन का लाभ प्राप्त कर चुके हैं। योजना के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को धार्मिक यात्रा का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है।
सरकार उठा रही पूरी यात्रा का खर्च
इस योजना के अंतर्गत श्रद्धालुओं के आवागमन, भोजन और आवास सहित पूरी यात्रा का खर्च छत्तीसगढ़ सरकार वहन करती है। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर श्रद्धालुओं को भी बिना किसी वित्तीय बोझ के अयोध्या धाम की पवित्र यात्रा का अवसर उपलब्ध कराना है।
