Highlight Lines
🔴 स्कूल से लौट रही छात्रा कंटेनर की चपेट में आई
🔴 आरक्षक फलेश वर्मा और विजय साहू ने बचाई छात्रा की जान
🔴 समय रहते रेस्क्यू, छात्रा को आई मामूली चोटें
🔴 स्कूल समय में भारी वाहनों पर नो-एंट्री की मांग तेज
महासमुंद। महासमुंद शहर के बरौंडा चौक में मंगलवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। स्कूल की छुट्टी के बाद घर लौट रही एक छात्रा सड़क पार करते समय कंटेनर की चपेट में आ गई। घटना शाम करीब 5:02 बजे की है। हादसे में छात्रा को सामान्य चोटें आईं, लेकिन समय रहते पुलिस और स्थानीय लोगों की तत्परता से उसकी जान बच गई।

पुलिस की सूझबूझ से बची छात्रा की जान
घटना के समय मौके पर ड्यूटी कर रहे आरक्षक फलेश वर्मा और विजय साहू ने तत्काल कार्रवाई करते हुए स्थानीय लोगों की मदद से कंटेनर के नीचे फंसी छात्रा को सुरक्षित बाहर निकाला। त्वरित रेस्क्यू के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।
स्कूल समय में भारी वाहनों पर रोक की उठी मांग
घटना के बाद स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों ने शहर में स्कूल समय के दौरान भारी वाहनों के प्रवेश पर सख्त प्रतिबंध लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के बाद सुबह और शाम बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं सड़कों पर आते-जाते हैं, जिससे कंटेनर और ट्रकों की आवाजाही गंभीर खतरा बन गई है।
नो-एंट्री नियम सख्ती से लागू करने की मांग
नागरिकों ने जिला प्रशासन, पुलिस और यातायात विभाग से सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक कंटेनर, ट्रक और अन्य भारी वाहनों की नो-एंट्री सख्ती से लागू करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरौंडा चौक की यह घटना प्रशासन के लिए चेतावनी है और भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाना जरूरी है।
