CHP चौक हिंसा मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार
🔴 लिबरा निवासी अनिल बेहरा को तमनार पुलिस ने किया गिरफ्तार
🔴 पुलिस बल पर हमला, लूटपाट, आगजनी और बलवा सहित गंभीर मामलों में था नामजद
🔴 CHP चौक लिबरा हिंसा मामले में अब तक 29 आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
🔴 आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद भेजा गया न्यायिक रिमांड पर
🔴 फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए रायगढ़ पुलिस का ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ जारी
रायगढ़, 10 अगस्त। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत तमनार पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने CHP चौक लिबरा हिंसा मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी अनिल बेहरा, निवासी ग्राम लिबरा, को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
आरोपी पुलिस बल पर प्राणघातक हमला, लूटपाट, आगजनी, बलवा एवं शासकीय कार्य में बाधा सहित गंभीर अपराधों में नामजद था।

आंदोलन के दौरान उग्र हुई थी स्थिति
जानकारी के अनुसार गारे पेलमा सेक्टर-01 कोयला परियोजना की जनसुनवाई के विरोध में दिसंबर 2025 से लिबरा स्थित CHP चौक पर प्रभावित गांवों के लोगों द्वारा धरना-प्रदर्शन एवं आर्थिक नाकेबंदी की जा रही थी। प्रशासन एवं पुलिस द्वारा लगातार आंदोलनकारियों को शांति बनाए रखने और कानून व्यवस्था का पालन करने की समझाइश दी जा रही थी।
27 दिसंबर 2025 को कानून व्यवस्था ड्यूटी के दौरान आंदोलन अचानक उग्र हो गया। पुलिस के अनुसार राजेश मरकाम, अनिल बेहरा, रूपेश पटेल, संदीप प्रधान सहित अन्य लोगों ने आंदोलनकारियों को उकसाकर पुलिस बल पर लाठी, डंडा, टांगी और पत्थरों से हमला किया। घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हुए।
पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ और आगजनी का आरोप
उग्र भीड़ द्वारा पुलिस दल को घेरकर लगातार पथराव किया गया। सड़क किनारे खड़े पुलिस के शासकीय वाहनों और प्रशासनिक अधिकारियों के वाहनों में तोड़फोड़ कर आग लगाने का आरोप है। इस दौरान पुलिस से शासकीय वॉकी-टॉकी और मोबाइल फोन भी लूट लिया गया। प्लांट परिसर में भी तोड़फोड़ की गई, जिससे कानून व्यवस्था की स्थिति गंभीर रूप से प्रभावित हुई।
16 अपराध दर्ज, 29 आरोपी पहले ही गिरफ्तार
घटना के संबंध में अलग-अलग प्रार्थियों की रिपोर्ट पर थाना तमनार में कुल 16 अपराध पंजीबद्ध किए गए हैं। प्रकरण में अब तक 29 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है। वहीं अन्य फरार आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।
मुखबिर की सूचना पर गांव से पकड़ा गया आरोपी
गिरफ्तार आरोपी अनिल बेहरा पिता प्रेमसागर बेहरा, उम्र 37 वर्ष, निवासी लिबरा, थाना तमनार, जिला रायगढ़ थाना तमनार में दर्ज अपराध क्रमांक 303/2025, 306/2025, 307/2025 एवं 308/2025 में नामजद आरोपी था।
पुलिस के अनुसार 10 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अपने गांव लिबरा आया हुआ है। सूचना के आधार पर तमनार एवं पूंजीपथरा पुलिस की संयुक्त टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया।
विवेचना में अन्य धाराएं भी जोड़ी गईं
पुलिस के मुताबिक पूछताछ और विवेचना के दौरान आरोपी ने राजेश मरकाम एवं अन्य आरोपियों के साथ घटना के दौरान हिंसक वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। विवेचना में आंदोलनकारियों को दुष्प्रेरित करने की भूमिका सामने आने पर प्रकरण में धारा 49 BNS एवं धारा 25 आर्म्स एक्ट जोड़ी गई। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत कार्रवाई जारी
एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में फरार आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव एवं थाना तमनार स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रायगढ़ पुलिस द्वारा गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए “ऑपरेशन क्लीन हंट” लगातार जारी है। कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले और हिंसक गतिविधियों में शामिल आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले और गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे आरोपियों की लगातार पतासाजी कर उन्हें कानून के दायरे में लाया जा रहा है। अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी एवं निष्पक्ष कार्रवाई पुलिस की प्राथमिकता है।
