सिंघनपुरी के पास टैंकर-बाइक की जोरदार भिड़ंत
🔴 कवर्धा-जबलपुर नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार केमिकल टैंकर और बाइक की आमने-सामने टक्कर
🔴 हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत
🔴 मृतकों की पहचान रामाधार पटेल और रघुराज पटेल के रूप में हुई
🔴 सोमवार शाम करीब 7 बजे सिंघनपुरी के पास हुआ दर्दनाक हादसा
🔴 पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू की
कवर्धा। छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी बीच कवर्धा-जबलपुर नेशनल हाईवे पर सोमवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कबीरधाम जिले के सिंघनपुरी गांव के पास तेज रफ्तार केमिकल टैंकर और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

बाइक से गांव लौट रहे थे दोनों युवक
मिली जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान रामाधार पटेल (37), निवासी मुडघुसरी थाना बोड़ला और रघुराज पटेल (28), निवासी पाढ़ी थाना पंडरिया के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि दोनों युवक किसी काम से बाइक से कवर्धा आए थे। सोमवार शाम करीब 7 बजे दोनों बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सिंघनपुरी के पास सामने से आ रहे केमिकल टैंकर से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।
पुलिस ने शवों को मरच्यूरी में रखवाया
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर सरकारी अस्पताल की मरच्यूरी में रखवाया।
मंगलवार 11 अगस्त को पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए। हादसे की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई।
टैंकर की रफ्तार समेत कई पहलुओं की जांच
कोतवाली थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों, टैंकर की गति और दुर्घटना के अन्य कारणों की जानकारी जुटा रही है। टैंकर और उसके चालक से संबंधित जानकारी भी एकत्र की जा रही है।
छह माह में 8,831 चालान, फिर भी हादसों पर लगाम नहीं
सड़क हादसों पर लगाम लगाने पुलिस द्वारा लगातार चालानी कार्रवाई की जा रही है, लेकिन हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा है। पुलिस विभाग के आंकड़ों के अनुसार जनवरी से जून 2026 तक 8,831 प्रकरणों में 80 लाख 37 हजार 600 रुपये का चालान काटा गया।
जनवरी में 1,163 मामलों में 15.63 लाख रुपये, फरवरी में 1,689 मामलों में 14.14 लाख रुपये, मार्च में 1,768 मामलों में 14.13 लाख रुपये, अप्रैल में 1,870 मामलों में 13.27 लाख रुपये, मई में 1,160 मामलों में 8.84 लाख रुपये और जून में 1,181 मामलों में 14.34 लाख रुपये की चालानी कार्रवाई हुई।
2025 में 201 लोगों की गई जान
पुलिस के दुर्घटना संबंधी आंकड़े भी चिंताजनक हैं। 2021 से जून 2026 तक 1,787 सड़क हादसों में 817 लोगों की मौत हुई, जबकि 2,099 लोग घायल हुए।
अकेले 2025 में 361 हादसों में 201 लोगों की मौत हुई और 408 लोग घायल हुए। वहीं 2024 में 322 हादसों में 152 मौतें दर्ज की गई थीं।
2026 में जून तक 94 लोगों की मौत
वर्ष 2026 में जून तक 180 सड़क हादसों में 94 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 161 लोग घायल हुए हैं। सिंघनपुरी में हुआ यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।
