आर्थिक तंगी के बीच पति-पत्नी के बीच हुआ था विवाद
🔴 रक्षाबंधन पर पत्नी ने मांगे थे 10 हजार रुपये, पति के मना करने पर हुआ विवाद
🔴 सुबह बच्चों ने माता-पिता को फंदे पर लटका देखा, पुलिस ने शुरू की जांच
🔴 सिरगिट्टी के नयापारा में मजदूर दंपती की मौत से मचा हड़कंप
🔴 दो बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया, आर्थिक परेशानी की बात सामने आई
🔴 पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा
बिलासपुर। मध्य प्रदेश से आकर बिलासपुर के सिरगिट्टी क्षेत्र में मजदूरी करने वाले एक श्रमिक और उसकी पत्नी की लाश मंगलवार सुबह एक ही साड़ी से बने फंदे पर लटकी मिली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतकों की पहचान मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के जामकछार निवासी रमेश सिंह बंजारा (35) और उनकी पत्नी माया बंजारे (30) के रूप में हुई है। दोनों पिछले कुछ वर्षों से अपने दो बच्चों के साथ सिरगिट्टी क्षेत्र के नयापारा में किराए के मकान में रह रहे थे। रमेश एक फैक्ट्री में मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे।
रक्षाबंधन पर 10 हजार रुपये को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि माया ने रक्षाबंधन के अवसर पर अपने पति रमेश से 10 हजार रुपये मांगे थे। रमेश ने रुपये का इंतजाम नहीं हो पाने की बात कही। इसी बात को लेकर सोमवार रात दोनों के बीच विवाद हुआ था।
बताया जा रहा है कि विवाद के बाद दोनों ने बच्चों को सुलाया और खुद भी सो गए। मंगलवार सुबह जब बच्चे जागे तो उन्होंने अपने माता-पिता को साड़ी से बने फंदे पर लटका देखा। बच्चों ने इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
बच्चों के सामने आया दर्दनाक मंजर
पति-पत्नी के शव मिलने की सूचना पर सिरगिट्टी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और रमेश के स्वजन को सूचना दी। दोपहर तक उनके परिजन भी बिलासपुर पहुंच गए।
पुलिस ने स्वजन की मौजूदगी में बच्चों से भी घटना के संबंध में जानकारी ली। इसके बाद दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए, जिन्हें स्वजन उनके गांव लेकर रवाना हुए।
आर्थिक तंगी से जूझ रहा था परिवार
पुलिस की पूछताछ में यह भी सामने आया कि रमेश रोजी-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी एक बेटी चौथी कक्षा में पढ़ती है, जबकि बेटा उससे छोटा है। आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण पति-पत्नी के बीच घरेलू जरूरतों को लेकर अक्सर विवाद होने की बात सामने आई है।
सोमवार रात हुए विवाद के बाद दोनों बच्चों के सो जाने और सुबह माता-पिता की लाश मिलने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
