Highlight Lines
🔴 सकरी के कोपरा डैम के पास हुआ भीषण सड़क हादसा
🔴 भूसे से भरे ट्रक की चपेट में आने से महिला की मौके पर मौत
🔴 बाइक चालक गंभीर घायल, सिम्स अस्पताल में भर्ती
🔴 ट्रक जब्त, चालक से पूछताछ, पुलिस जांच में जुटी
बिलासपुर।
बिलासपुर के सकरी थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में एक 63 वर्षीय बुजुर्ग महिला की दर्दनाक मौत हो गई। भूसे से भरे ट्रक की चपेट में आने से महिला करीब 25 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। हादसे में बाइक चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कोपरा डैम के पास हुआ हादसा
सकरी थाना प्रभारी उमेश साहू के अनुसार, मुंगेली जिले के लोहाराकापा गांव निवासी पुनौतीन यादव (63) एक व्यक्ति के साथ बाइक से बिलासपुर आ रही थीं। दोनों जैसे ही कोपरा जलाशय (डैम) के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे भूसे से भरे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी।
25 मीटर तक घिसटती रही महिला
टक्कर इतनी तेज थी कि महिला ट्रक और बाइक के बीच फंस गई और करीब 25 मीटर तक सड़क पर घिसटती रही। हादसे में महिला की कमर के नीचे का हिस्सा बुरी तरह कुचल गया और एक पैर शरीर से अलग हो गया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घायल को सिम्स में कराया गया भर्ती
घटना की सूचना मिलते ही सकरी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि घायल बाइक चालक को तत्काल उपचार के लिए सिम्स अस्पताल भेजा गया।
ट्रक जब्त, जांच जारी
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में ट्रक चालक की लापरवाही सामने आ रही है। पुलिस चालक से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
