एसईसीएल-डीएवी पब्लिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षक सम्मानित, राज्यपाल ने समय के सदुपयोग और संस्कारों के महत्व पर दिया जोर

बिलासपुर, 6 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका रविवार को एसईसीएल-डीएवी पब्लिक स्कूल, वसंत विहार, बिलासपुर में आयोजित ‘द्रोणाचार्य संगम-2026’ कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर शिक्षा के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय और उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया।
समय का सदुपयोग सफलता के लिए जरूरी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि जीवन में समय का सही उपयोग बेहद महत्वपूर्ण है। आज का दौर इंटरनेट और तकनीक का है, जहां बच्चों और युवाओं के सामने ज्ञान और सूचनाओं के अनेक साधन उपलब्ध हैं। ऐसे में जरूरी है कि विद्यार्थी तकनीक का उपयोग सही दिशा में करते हुए अपने समय का सदुपयोग करें।
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद देश की शिक्षा व्यवस्था में लगातार सुधार हुआ है। प्राचीन भारतीय शिक्षा व्यवस्था का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने गुरुकुल परंपरा को याद किया, जहां शिक्षा के साथ विद्यार्थियों को संस्कार और जीवन मूल्यों की सीख भी दी जाती थी।
शिक्षा के साथ संस्कार भी जरूरी
राज्यपाल ने कहा कि आधुनिक शिक्षा के साथ विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन, देशभक्ति और नैतिक मूल्यों का विकास भी जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर मेहनत करने और चुनौतियों से घबराए बिना आगे बढ़ने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि परिश्रम करने वालों को सफलता जरूर मिलती है। जीवन में लगातार प्रयास करते रहना चाहिए और असफलताओं को आगे बढ़ने की सीख के रूप में लेना चाहिए।
परिवार और शिक्षक दोनों की महत्वपूर्ण भूमिका
राज्यपाल ने समाज निर्माण में परिवार और शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को पढ़ाने का काम नहीं करते, बल्कि समाज को शिक्षित, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक देने में भी बड़ी भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों से भी सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ जीवन जीने की अपील की। राज्यपाल ने कहा कि जीवन में जो कुछ मिला है, उसके प्रति संतोष और कृतज्ञता का भाव रखना चाहिए तथा वर्तमान का आनंद लेते हुए सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
उत्कृष्ट शिक्षकों का हुआ सम्मान
‘द्रोणाचार्य संगम-2026’ में शिक्षा के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। राज्यपाल ने सम्मानित शिक्षकों के समर्पण और उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए उनके योगदान को शिक्षा व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में एसईसीएल और डीएवी के बीच शिक्षा के क्षेत्र में स्थापित सहयोग और साझेदारी को भी महत्वपूर्ण बताया गया। आयोजन को शिक्षकों के सम्मान, अनुभवों के आदान-प्रदान और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में संभागायुक्त सुनील जैन, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, एसईसीएल के डायरेक्टर मानव संसाधन बिरंची दास, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन सहित एसईसीएल के अधिकारी-कर्मचारी, डीएवी प्रबंधन, विभिन्न प्रोजेक्ट स्कूलों के प्रतिनिधि, शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




