कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से प्रदेश में बारिश के आसार, रायपुर में बादल छाए रहने के साथ बौछार की संभावना

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की सक्रियता अभी बनी हुई है। उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और उससे लगे दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से प्रदेश में अगले 24 घंटे तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
शनिवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने रविवार को कुछ स्थानों पर बारिश के साथ एक-दो जगह गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी जारी की है।
कम दबाव के क्षेत्र से बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और उससे लगे दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। इससे संबंधित चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है।
इसके अगले दो दिनों में पूर्व-उत्तर-पूर्व दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। मानसून द्रोणिका भी इस मौसमी प्रणाली वाले क्षेत्र से होकर छत्तीसगढ़ के उत्तर हिस्से की ओर प्रभाव डाल रही है। इसके अलावा दक्षिण गुजरात से उत्तर बांग्लादेश तक बनी दूसरी द्रोणिका भी मौसम को प्रभावित कर रही है।
इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में आगामी दिनों में बादलों की आवाजाही और बारिश की गतिविधियां बनी रहने के संकेत हैं।
पेंड्रा रोड में सबसे कम तापमान
शनिवार को प्रदेश के तापमान में अलग-अलग क्षेत्रों के बीच अंतर देखने को मिला। जगदलपुर में अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक रहा।
वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 0.8 डिग्री कम रहा।
रायपुर में अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री और न्यूनतम 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों तापमान सामान्य से 0.8 डिग्री कम रहे।
बिलासपुर, जगदलपुर और दुर्ग में बारिश
शनिवार को बिलासपुर में 20 मिलीमीटर, जगदलपुर में 10.6 मिलीमीटर और दुर्ग में 10.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं लोरमी, दरिमा और कुमारदा में 10-10 मिलीमीटर वर्षा हुई।
रायपुर में बादल छाए रहने की संभावना
रविवार को राजधानी रायपुर में मौसम मिला-जुला रहने का अनुमान है। सुबह से आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। दिन में एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछार पड़ने की संभावना है।
रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की भी चेतावनी है। प्रदेश में अब तक मौसमी वर्षा सामान्य के करीब है और इसमें करीब 3 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।




