श्रीनगर के SKICC में चार दिवसीय फिल्म फेस्टिवल का आगाज, जम्मू और गुलमर्ग में भी होगी स्क्रीनिंग; फिल्म पर्यटन को बढ़ावा देने पर सरकार का जोर

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में फिल्म पर्यटन को बढ़ावा देने और फिल्म जगत के साथ क्षेत्र के जुड़ाव को मजबूत करने के उद्देश्य से सोमवार 7 सितंबर से चार दिवसीय इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल शुरू हो रहा है। यह आयोजन 10 सितंबर तक चलेगा। जम्मू-कश्मीर सरकार और राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (NFDC) के संयुक्त सहयोग से आयोजित इस फिल्म फेस्टिवल का थीम ‘रंग-ए-सिनेमा’ रखा गया है।
41 देशों की 135 फिल्मों की होगी स्क्रीनिंग
फिल्म फेस्टिवल के दौरान जम्मू-कश्मीर के तीन प्रमुख स्थानों पर फिल्मों की स्क्रीनिंग की जाएगी। श्रीनगर में INOX सिनेमा, जम्मू में KC सेंट्रल स्थित मूवी टाइम सिनेमा और गुलमर्ग में गुलमर्ग कन्वेंशन सेंटर पर दर्शक फिल्मों का आनंद ले सकेंगे।
आयोजकों के मुताबिक फेस्टिवल के लिए दुनिया भर से 1,100 से अधिक फिल्म प्रविष्टियां प्राप्त हुई थीं। अंतिम चयन में 41 देशों की कुल 135 फिल्मों को शामिल किया गया है।
इनमें भारत की 64 फिल्में हैं, जबकि फ्रांस की 13 और ईरान की 8 फिल्में शामिल हैं। अर्जेंटीना और स्पेन की 4-4 फिल्मों के अलावा ब्राजील, जर्मनी, रूस और अमेरिका की 3-3 फिल्में भी फेस्टिवल में दिखाई जाएंगी। तुर्की, दक्षिण कोरिया, स्वीडन, कतर और कोलंबिया समेत कई अन्य देशों की फिल्में भी दर्शकों को देखने को मिलेंगी।
सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम
फिल्म फेस्टिवल में देश-विदेश से फिल्म निर्माता, कलाकार, प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य अतिथि पहुंचेंगे। इसे देखते हुए जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।
कश्मीर जोन के पुलिस महानिरीक्षक सुजीत कुमार ने शुक्रवार को CRPF, BSF, SSB, ITBP, CID, यातायात, सुरक्षा, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं के साथ पर्यटन और सूचना विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
बैठक में आयोजन स्थलों पर सुरक्षा तैनाती, प्रवेश नियंत्रण, निगरानी, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की गई।
50 सिविल सेवा अधिकारी बनाए गए संपर्क अधिकारी
फिल्म फेस्टिवल में आने वाले मेहमानों और प्रतिनिधियों की सुविधा के लिए सरकार ने 50 सिविल सेवा अधिकारियों को संपर्क अधिकारी नियुक्त किया है। ये अधिकारी फेस्टिवल के दौरान आने वाले प्रतिभागियों की जरूरतों और सुविधाओं के बीच समन्वय का काम करेंगे।
जम्मू-कश्मीर और बॉलीवुड के रिश्ते मजबूत करने की कोशिश
संयुक्त निदेशक सूचना सैयद शाहनवाज बुखारी ने कहा कि इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल की मेजबानी जम्मू-कश्मीर और बॉलीवुड के बीच संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में एक सकारात्मक प्रयास है।
उन्होंने कहा कि फेस्टिवल का मुख्य उद्देश्य जम्मू-कश्मीर में फिल्म पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ावा देना और तलाशना है। सरकार की कोशिश है कि भविष्य में इस आयोजन को हर साल संस्थागत तरीके से आयोजित किया जाए।
जम्मू-कश्मीर की प्राकृतिक सुंदरता लंबे समय से फिल्म निर्माताओं को आकर्षित करती रही है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल के आयोजन से क्षेत्र को फिल्म शूटिंग के साथ-साथ पर्यटन के एक प्रमुख केंद्र के रूप में भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
