मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के सेरीखेड़ी मोड़ पर हुआ हादसा, नया रायपुर से सेरीखेड़ी जा रही कार अचानक हुई अनियंत्रित; घायलों का मेकाहारा में इलाज जारी

रायपुर। मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के सेरीखेड़ी मोड़ पर रविवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई और सड़क पर पलट गई। हादसे में कार सवार 22 वर्षीय युवती की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हुए हैं।
डिवाइडर से टकराकर सड़क पर पलटी कार
मृतका की पहचान जशपुर के बाजारपारा निवासी शिवानी सिंह ठाकुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शिवानी अपने साथियों के साथ कार क्रमांक CG 04 NW 7718 में सवार होकर नया रायपुर की ओर से सेरीखेड़ी की तरफ जा रही थी।
सेरीखेड़ी मोड़ के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद कार सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सिर में गंभीर चोट लगने से युवती की मौत
हादसे में शिवानी सिंह ठाकुर के सिर में गंभीर चोट आई थी। घटना की जानकारी मिलते ही मंदिर हसौद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए मेकाहारा अस्पताल भेजा।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद शिवानी को मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
तीन घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
हादसे में अनंत सोनकर निवासी रामबाग, धमतरी, प्रखर सोनकर निवासी पुरानी बस्ती, रायपुर और सेजल सोनकर घायल हुए हैं। तीनों का अस्पताल में इलाज जारी है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में कार के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है। पुलिस अब हादसे की वास्तविक वजह और वाहन की रफ्तार समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस कर रही हादसे की जांच
मंदिर हसौद पुलिस हादसे से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर रही है। दुर्घटना किस परिस्थिति में हुई और कार अचानक क्यों अनियंत्रित हुई, इसे लेकर जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य जानकारियों के आधार पर हादसे की वजह पता लगाने में जुटी है।
