अभियान संवेदना के तहत कोतरारोड़ पुलिस की कार्रवाई, दुष्कर्म और POCSO मामले में वांछित आरोपी विजय सिदार को त्रिपुर से पकड़ा

रायगढ़, 22 सितंबर। महिला और नाबालिगों से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत कोतरारोड़ पुलिस ने जुलाई में लापता हुई 18 वर्षीय युवती को तमिलनाडु के त्रिपुर जिले से सकुशल बरामद किया है। पुलिस ने युवती को ले जाने के आरोप में विजय सिदार (20 वर्ष) को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी पहले से ही एक दुष्कर्म और POCSO एक्ट के मामले में वांछित था और उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी था।
नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में पहले से था वारंट
पुलिस के मुताबिक जनवरी 2026 में एक नाबालिग बालिका ने परिजनों के साथ थाना कोतरारोड़ में विजय सिदार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में पीछा करने, परेशान करने और जबरन शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया गया था।
इस मामले में थाना कोतरारोड़ में अपराध क्रमांक 27/2026 दर्ज कर BNS की धारा 64 और POCSO एक्ट की धारा 4 के तहत कार्रवाई की गई थी। घटना के बाद से आरोपी फरार था।
पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर मार्च 2026 में उसके खिलाफ फरारी में चालान न्यायालय में पेश किया गया। बाद में FTSC (POCSO) न्यायालय, रायगढ़ से आरोपी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ।
18 सितंबर को युवती के लापता होने की रिपोर्ट
पुलिस के मुताबिक युवती 17 सितंबर को घर से बिना बताए चली गई थी। परिजनों ने 18 सितंबर को थाना कोतरारोड़ में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद गुम इंसान क्रमांक 54/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
परिजनों और युवती की सहेलियों से पूछताछ के दौरान पुलिस को विजय सिदार पर संदेह हुआ। उसका लोकेशन पहले जम्मू में मिला, जिसके बाद पुलिस टीम वहां रवाना हुई, लेकिन आरोपी और युवती का पता नहीं चल सका।
मुखबिर की सूचना पर तमिलनाडु पहुंची पुलिस
थाना प्रभारी निरीक्षक शील आदित्य सिंह ने आरोपी के संपर्क में रहने वाले लोगों के संबंध में लगातार जानकारी जुटाई। पुलिस को पता चला कि आरोपी तमिलनाडु के त्रिपुर जिले में एक कपड़ा कारखाने में काम कर रहा है।
इसके बाद पुलिस टीम तमिलनाडु रवाना हुई और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के पास से युवती भी बरामद हुई।
पुलिस ने युवती को सकुशल दस्तयाब कर उसका कथन दर्ज कराया। पुलिस के मुताबिक युवती ने शादी का प्रलोभन देकर अपने साथ ले जाने की बात बताई है।
आरोपी को भेजा गया जेल
कोतरारोड़ पुलिस ने आरोपी विजय सिदार को उसके खिलाफ जारी गिरफ्तारी वारंट के आधार पर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी शील आदित्य सिंह, प्रधान आरक्षक बाबूलाल पटेल और आरक्षक चंद्रेश पांडे की अहम भूमिका रही।
SSP ने कहा- महिला और बालिका संबंधी शिकायतों को प्राथमिकता
SSP शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिला एवं बालिकाओं से संबंधित शिकायतों को रायगढ़ पुलिस सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ ले रही है। ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई कर पीड़ितों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना और फरार आरोपियों को कानून के दायरे में लाना पुलिस की प्राथमिकता है।
