भाटापारा में दिव्यांगजनों के लिए चिन्हांकन, प्रमाणीकरण और सहायक उपकरण वितरण शिविर; 100 लोगों का पंजीयन, 49 के UDID कार्ड बने

बलौदाबाजार-भाटापारा। छत्तीसगढ़ में सेवा संकल्प अभियान के तहत दिव्यांगजनों को शासकीय योजनाओं और आवश्यक सुविधाओं से जोड़ने के लिए शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जनपद पंचायत भाटापारा में दिव्यांगजनों के लिए चिन्हांकन, प्रमाणीकरण एवं सहायक उपकरण वितरण शिविर लगाया गया।
शिविर में दिव्यांगजनों की जरूरत के अनुसार कृत्रिम अंग, कैलिपर्स और स्प्लिंट उपलब्ध कराए गए। इसका उद्देश्य दिव्यांगजनों को दैनिक जीवन में आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के साथ उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से दिलाना है।
100 दिव्यांगजनों का हुआ पंजीयन
शिविर में कुल 100 दिव्यांगजनों का पंजीयन किया गया। इनमें से 65 दिव्यांगजनों का सहायक उपकरण के लिए ऑनलाइन पंजीयन किया गया।
पात्र हितग्राहियों को तत्काल सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 27 दिव्यांगजनों के कृत्रिम अंग और कैलिपर्स तैयार कर मौके पर ही वितरित किए गए।
49 दिव्यांगजनों के बने UDID कार्ड
शिविर के दौरान 49 दिव्यांगजनों के UDID कार्ड भी बनाए गए। UDID कार्ड के माध्यम से दिव्यांगजनों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ लेने में सुविधा मिलती है।
आत्मनिर्भरता की दिशा में बढ़ेगा कदम
सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से दिव्यांगजनों तक सरकारी सेवाओं की पहुंच आसान बनाने और उन्हें जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
शिविर के जरिए दिव्यांगजनों को योजनाओं से जोड़ने के साथ उनकी दैनिक जरूरतों को पूरा करने और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।
