Highlight Lines
🔴 केरा गांव की अपर्णा आदित्य ने मिस छत्तीसगढ़ में जीता फर्स्ट रनर-अप का खिताब
🔴 किसान परिवार की बेटी ने बढ़ाया जांजगीर-चांपा का गौरव
🔴 आत्मविश्वास और शानदार मंच प्रस्तुति से निर्णायकों को किया प्रभावित
🔴 सफलता का श्रेय माता-पिता, परिवार और प्रशिक्षकों को दिया
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के प्रतिष्ठित ब्यूटी पेजेंट ‘मिस छत्तीसगढ़ 2026’ में जांजगीर-चांपा जिले के केरा गांव की बेटी अपर्णा आदित्य ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फर्स्ट रनर-अप का खिताब अपने नाम किया है। एक साधारण किसान परिवार से आने वाली अपर्णा की इस उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी की लहर है।

आत्मविश्वास और प्रतिभा से जीता दिल
प्रतियोगिता के दौरान अपर्णा ने अपनी सादगी, आत्मविश्वास, प्रभावशाली व्यक्तित्व और मंच प्रस्तुति से निर्णायक मंडल व दर्शकों को प्रभावित किया। उन्होंने छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और परंपरा को आधुनिक सोच के साथ प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर अपनी अलग पहचान बनाई।
परिवार और गुरुजनों को दिया सफलता का श्रेय
अपर्णा आदित्य ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी माता माधुरी आदित्य, पिता नरेश आदित्य के आशीर्वाद और सहयोग को दिया। उन्होंने अपनी मौसी डॉ. रश्मि लता राकेश, बहन देवनंदिनी, भाई विमल, मित्र करण देवांगन तथा चिन्हारी मॉडलिंग एकेडमी के प्रशिक्षक प्रेम साईं भगत के मार्गदर्शन और प्रोत्साहन के लिए भी आभार व्यक्त किया।
ग्रामीण बेटियों के लिए बनीं प्रेरणा
अपर्णा की इस उपलब्धि से केरा गांव सहित पूरे जांजगीर-चांपा जिले में उत्साह का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उनकी सफलता ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाशाली बेटियों के लिए प्रेरणा बनेगी और उन्हें अपने सपनों को साकार करने का आत्मविश्वास देगी।
