Highlight Lines
🔴 मोबाइल पर बात कर रहे युवक से छीना था मोबाइल
🔴 सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपितों को पकड़ा
🔴 दो नाबालिग समेत एक युवक गिरफ्तार, मोबाइल बरामद
🔴 मामले का एक अन्य आरोपित अब भी फरार
बिलासपुर। तारबाहर थाना पुलिस ने मोबाइल लूट की वारदात का खुलासा करते हुए दो नाबालिग समेत एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है। मामले में एक अन्य आरोपित की तलाश जारी है।
मोबाइल पर बात करते समय हुई थी लूट
पुलिस के अनुसार, सरकंडा के लिंगियाडीह निवासी किशोर कुमार सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 13 जुलाई की रात वह जिला अस्पताल के सामने सड़क पर टहलते हुए मोबाइल पर बात कर रहे थे। इसी दौरान एक्टिवा सवार बदमाशों ने उनका मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए।

सीसीटीवी फुटेज से मिली सफलता
शिकायत के बाद तारबाहर पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान पुलिस ने सरकंडा के भूकंप अटल आवास निवासी अविनाश कामले उर्फ जादू (19) को हिरासत में लिया।
पूछताछ में पहले वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपने दो नाबालिग साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली।
मोबाइल बरामद, एक आरोपी फरार
पुलिस ने तीनों आरोपितों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल बरामद कर लिया। गिरफ्तार युवक को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया, जबकि दोनों नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
