Highlight Lines
🔴 बच्चों के सामने कपड़े उतारने और अश्लील हरकत का आरोप
🔴 छात्राओं को पास बुलाने की शिकायत से मचा हड़कंप
🔴 परिजनों ने बनाया वीडियो, पुलिस को दी सूचना
🔴 आरोपी हेडमास्टर हिरासत में, मामले की जांच जारी
जांजगीर-चांपा।
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ ब्लॉक स्थित डोंगाकोहरौद शासकीय प्राथमिक शाला में हेडमास्टर पर छात्र-छात्राओं के सामने अश्लील हरकत करने का गंभीर आरोप लगा है। घटना की जानकारी मिलते ही बच्चों के परिजन स्कूल पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी हेडमास्टर को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

क्लास के दौरान अश्लील हरकत का आरोप
परिजनों के अनुसार, स्कूल में कक्षा चल रही थी। इसी दौरान हेडमास्टर भुवनेश्वर कौशिक ने कथित रूप से बच्चों के सामने पैंट उतार दी और कक्षा के भीतर ही पेशाब करने लगा। आरोप है कि उसने चौथी और पांचवीं कक्षा की छात्राओं को अपने पास बुलाकर अश्लील हरकत करने की भी कोशिश की।
बच्चों ने घर जाकर बताई पूरी घटना
बताया जा रहा है कि स्कूल से घर लौटने के बाद बच्चों ने पूरी घटना अपने परिजनों को बताई। इसके बाद बड़ी संख्या में अभिभावक स्कूल पहुंचे। उनका आरोप है कि उस समय भी हेडमास्टर अर्धनग्न अवस्था में अपनी कुर्सी पर बैठा हुआ था। परिजनों ने इसका वीडियो भी बना लिया। वीडियो बनते देख आरोपी ने जल्दबाजी में कपड़े पहन लिए।
पुलिस पहुंची स्कूल, आरोपी हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और पामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों द्वारा वीडियो दिखाए जाने के बाद पुलिस आरोपी हेडमास्टर को थाने ले गई। इसके बाद कई अभिभावक अपने बच्चों के साथ थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने शुरू की जांच
पामगढ़ थाना प्रभारी सावन सारथी ने बताया कि मामले में शिकायत दर्ज कर आरोपी हेडमास्टर को हिरासत में लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
